

संस्थाएं
टॉक शो एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (TPF) नागपुर द्वारा आनंद नगर वॉलीबॉल ग्राउंड में टॉक शो एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में TPF नागपुर के मेडिकल संयोजक एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. गौतम जोगड़ ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए घुटनों के दर्द पर विशेष मार्गदर्शन दिया। उन्होंने घुटनों के दर्द के कारणों और उसकी रोकथाम के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की। घरेलू उपायों में उन्होंने बताया कि ऐसा आहार लेना चाहिए जिससे शरीर में अपच की समस्या न हो। यदि शरीर में कैल्शियम की उचित मात्रा नहीं है, तो अजवाइन, हींग, जीरा, धनिया पाउडर और दालचीनी जैसे मसालों का सेवन करना चाहिए।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि आहार में मल्टीग्रेन का उपयोग किया जाए, तेल की मात्रा कम की जाए और घी की मात्रा बढ़ाई जाए। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि पंचकर्म चिकित्सा के माध्यम से घुटनों और हड्डियों से संबंधित बीमारियों का उपचार किया जा सकता है। इस अवसर पर भाजपा नागपुर शहर की महासचिव अश्विनी जिचकर ने कहा कि घुटना प्रत्यारोपण एक वरदान है, लेकिन यदि उचित आहार, जीवनशैली में परिवर्तन और व्यायाम के माध्यम से समस्या का समाधान किया जा सकता है, तो ऑपरेशन से बचा जा सकता है। इसके लिए उन्होंने आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम नागपुर के अध्यक्ष राहुल कोठारी, पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्तियों ने सहित 80 से अधिक लोगों ने भाग लिया और 60 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाया। अंत में TPF सचिव विवेक पारख ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।