श्रमण महावीर

स्वाध्याय

श्रमण महावीर

(पिछला शेष)
भगवान् प्रायः मौन रहने का संकल्प पहले ही कर चुके हैं। अब जैसे-जैसे ध्यान की गहराई में जा रहे हैं वैसे-वैसे उसका अर्थ स्पष्ट हो रहा है। वाक् और स्पन्दन का गहरा सम्बन्ध है। विचार की अभिव्यक्ति के लिए वाणी और वाणी के लिए मन का स्पन्दन ये दोनों साथ-साथ चलते हैं। नीरव होने का अर्थ है मन का नीरव होना। भगवान् के सामने एक तर्क उभर रहा है-जिसे मैं देखता हूं, वह बोलता नहीं है और जो बोलता है, वह मुझे दिखता नहीं है, फिर मैं किससे बोलूं? इस तर्क के अन्तस् में उनका स्वर विलीन हो रहा है।
भगवान् बोलने के आवेग के वश में नहीं हैं। बोलना उनके वश
में है। वे उचित अवसर पर उचित और सीमित शब्द ही बोलते हैं।
वे भिक्षा की याचना और स्थान की स्वीकृति के लिए बोलते हैं।
इसके सिवा किसी से नहीं बोलते। कोई कुछ पूछता है तो उसका संक्षिप्त उत्तर दे देते हैं। शेष सारा समय अभिव्यक्ति और संपर्क
से अतीत रहता है।
अनुकूल उपसर्गों के अंचल में
जल कमल को उत्पन्न करता है। उसके परिमल को फैलाता है पवन। उसकी अनुभूति करता है प्राण। सब अपना-अपना काम करते हैं, तब एक काम निष्पन्न होता है। वह है-परिमल के अस्तित्व का बोध।
१. भगवान् दीक्षित होने को प्रस्तुत हुए। परिवार के लोगों ने उनका अभिषेक किया। फिर उनके शरीर को सुवासित किया-किसी ने दिव्य गोशीर्ष-चन्दन से, किसी ने सुगंधित चूर्ण से और किसी ने पटवास से। भगवान् का शरीर सुगंधमय हो गया।
मधुकरों को परिमल के अस्तित्व का बोध हुआ। वे पुष्पित वनराजि और कमलकोशों को छोड़ भगवान् के शरीर पर मंडराने लगे। वे चारों ओर दे रहे थे परिक्रमा और कर रहे थे गुंजारव। उपवन का शांत और नीरव वातावरण ध्वनि से तरंगित हो गया। मधुकर भगवान् के शरीर पर बैठे।
उन्हें पराग-रस नहीं मिला। उड़कर चले गए। परिमल से आकृष्ट हो फिर आए और पराग न मिलने पर फिर उड़ गए। इस परिपाटी से संरुष्ट हो, वे भगवान् के शरीर को काटने लगे।
२. भगवान् कर्मारग्राम में गए। वहां कुछ युवक सुगंधि से आसक्त हो भगवान् के पास आए। उन्होंने अवसर देख भगवान् से प्रार्थना की, 'राजकुमार! आपने जिस गंधचूर्ण का प्रयोग किया है, उसके निर्माण की युक्ति हमें भी बताइए।' भगवान् ने इसका उत्तर नहीं दिया। वे कुद्ध हो गालियां देने लग गए।
३. भगवान् का शरीर सुगठित, सुडौल और सुन्दर था। उनके घुंघराले बाल बहुत ही आकर्षक लगते थे। उनकी आखें नीलकमल के समान विकस्वर थी। उनके रूप-वैभव को देख अनेक रूपसियां प्रमत्त हो जातीं। एक बार रात के समय भगवान् के पास तीन रूपसियां आई। एक बोली, 'कुमार! तुम्हारी स्त्री कौन है-ब्राह्मणी है या क्षत्रियाणी? वैश्या है या शूद्री?'
'कोई नहीं है।'
'हम बन सकती हैं, तुम किसे पसन्द करते हो?'
'किसी को भी नहीं।'
अरे। यह कैसा युवक जो हम जैसी रूपसियों को पसन्द नहीं करता ?'