
आध्यात्मिक मिलन का भव्य आयोजन
तमिलनाडु के तिरुवन्नामलै शहर के प्रख्यात रमन महर्षि आश्रम में आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि हिमांशु कुमार जी ठाणा-2 और मुनि दीप कुमार जी ठाणा-2 का आध्यात्मिक मिलन हुआ। आश्रम में जहां श्रावक समाज इस नयनाभिराम दृश्य का साक्षी बन रहा था वहीँ देश-विदेश की जनता भी इस लुभावने दृश्य को देखने को लालायित दिखाई दे रही थी। वहां से प्रस्थान कर चारों मुनिवृंद शहर के महावीर भवन पधारे जहां पर आध्यात्मिक मिलन समारोह का आयोजन श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा तिरुवन्नामलै आदि संस्थाओं द्वारा किया गया। इस अवसर पर 11 क्षेत्र के लोग उपस्थित थे। मुनि हिमांशु कुमार जी ने कहा - यह संतों का मिलन सबको मिलनसारिता की प्रेरणा देता है। मुनि दीप कुमार जी अच्छे वक्ता भी हैं और अच्छे लेखक भी हैं। जिनमे ये दोनों शक्ति होती है वह शक्तिशाली होता है। इन्होंने मुनि राकेश कुमार जी स्वामी की सेवा कर बहुत सीखा है। मुनि हेमंतकुमार जी बहुत पुरुषार्थी हैं। मुनि काव्य कुमार जी मीठा बोलते हैं। श्रावक समाज भी कितनी सेवा करता है। हम सब संघ प्रभावना करते रहें।
मुनि दीप कुमार जी ने कहा- हम बहुत सौभाग्यशाली हैं जो हमें तेरापंथ धर्म संघ जैसा अनुशासित संघ प्राप्त हुआ। मुनि हिमांशु कुमार जी स्वामी के दर्शन पर आज बहुत प्रसन्नता हो रही है। मुनिश्री पुरुषार्थी, ज्ञानी हैं। जहां पधारते हैं संघ प्रभावना करते हैं। मुनि हेमंत कुमार जी भी स्पष्ट वक्ता और कलाकार संत है।
मुनि काव्य कुमार जी ने भी अच्छा विकास किया है। इस मिलन से प्रमोद भाव विकसित होता है। हमारा श्रावक समाज भी बहुत समर्पित है। मुनिश्री ने स्वरचित गीत का भी संगान किया।
मुनि हेमंत कुमार जी, मुनि काव्यकुमार जी ने भी उल्लास भरे उद्गार व्यक्त किये। कार्यक्रम में तेरापंथ महिला मंडल ने स्वागत गीत का संगान किया। तेरापंथी सभा तिरुवन्नामलै के अध्यक्ष अरविंद सेठिया ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम का संचालन मुनि हेमंत कुमार जी ने किया।