
संस्थाएं
राष्ट्रीय स्तर पर 'श्रेष्ठ सभा' के रूप में सम्मानित
जैन श्वेतांबर तेरापंथी महासभा का वार्षिक अधिवेशन युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के पावन सान्निध्य में अहमदाबाद में आयोजित हुआ। इस अधिवेशन में देश भर की 550 सभाओं से 1800 से अधिक पदाधिकारियों ने सहभागिता की। तेरापंथी सभा गंगाशहर से उपाध्यक्ष नवरतन बोथरा, मंत्री जतन लाल संचेती और संगठन मंत्री शांतिलाल पुगलिया ने इस अधिवेशन में भाग लिया। वृहद सभाओं की श्रेणी में, तेरापंथ सभा गंगाशहर को राष्ट्रीय स्तर पर 'श्रेष्ठ सभा' के रूप में सम्मानित किया गया। गंगाशहर में मुनि कमल कुमार जी ने कहा कि यहाँ की सभा पूर्ण जागरूकता के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रही है। उन्होंने सभा की धर्म संघ की प्रभावना, सार-संभाल आदि में सक्रिय व सजग भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि महासभा ने सभा का सही मूल्यांकन कर श्रेष्ठ सभा के रूप में सम्मानित किया है।
साध्वी विशदप्रज्ञा जी व साध्वी लब्धिप्रभा जी ने इस उपलब्धि हेतु सभा के कार्यकर्ताओं की सक्रियता और निरंतर जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि सम्मान से सभा का दायित्व अब और अधिक बढ़ जाता है, और सभा इसी तरह निरंतर आगे बढ़ती जाए। महासभा संरक्षक जैन लूणकरण छाजेड़ ने तेरापंथी सभा द्वारा साधु-साध्वियों की सेवा, चिकित्सा सेवा, मार्ग सेवा, चौका सेवा, गुरु दर्शन सेवा, ज्ञानशाला संचालन, सामाजिक सरोकार सेवा सहित जन कल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए गंगाशहर के संपूर्ण समाज को बधाई देते हुए कि निष्काम भावना से कार्य करने वालों का समय आने पर अंकन होता है।