आध्यात्मिक मिलन में उमड़ा जन सैलाब

संस्थाएं

आध्यात्मिक मिलन में उमड़ा जन सैलाब

गांधीनगर।
शासनश्री साध्वी कंचनप्रभाजी, सहवर्तिनी शासनश्री साध्वी मंजुरेखाजी ने विहार कर शेषाद्रीपुरम लादूराम डूंगरवाल के निवास पर पहुँची जहाँ बैंगलुरु के उपनगर से मुनि अर्हत कुमार जी तथा मुनि रश्मि कुमार जी से आध्यात्मिक मिलन हुआ। शासनश्री साध्वी कंचनप्रभाजी ने परम प्रसन्नता के साथ कहा कि हमारी अत्यधिक उत्कंठा थी मुनि अर्हत कुमार जी एवं मुनि रश्मि कुमार जी से मिलन की हमारे इंतजार के क्षण संपन्न हुए। आप दोनों मुनिप्रवर की गण निष्ठा, श्रम निष्ठा एवं गुरु निष्ठा से हम सभी अति प्रसन्न हैं। हमारा विनय समर्पण के साथ परस्पर अनुशासन सौहार्द भाव सदा गतिमान रहे।
शासनश्री साध्वी मंजुरेखाजी ने कहा कि तेरापंथ धर्मसंघ की विरासत है आध्यात्मिक मिलन। यह मिलन ऐतिहासिक बन जाता है जब हम एक-दूसरे के गुणानुवाद में इतने सराबोर हो जाते हैं, जिससे श्रावक समाज को भी नई प्रेरणा मिलती है। साध्वी मंजुरेखाजी, साध्वी उदितप्रभाजी, साध्वी निर्भयप्रभाजी एवं साध्वी चेलनाश्री जी ने मुनिवृंद के स्वागत में सुमधुर गीत की प्रस्तुति दी। मुनि अर्हत कुमार जी ने कहा कि आज हमें असीम आनंद की अनुभूति हो रही है कि आज दीक्षा में ज्येष्ठ साध्वीश्री हमें आशीर्वाद देने पधारी हैं। आप अनुभवी हैं, आपने पूरे भारत की यात्रा करके जैन शासन की प्रभावना की है। श्रावक समाज में आध्यात्मिक बीज अंकुरित किए हैं। मुनि रश्मि कुमार जी ने कहा कि मैं युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करता हूँ, जिन्होंने हमें बैंगलुरु चातुमा्रस का आशीर्वाद दिया। आप सभी साध्वीवृंद से मिलकर हम हर्ष विभोर हैं। मुनि भरत कुमार जी, मुनि जयदीप कुमार जी और मुनि प्रियांशु कुमार जी ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।
आध्यात्मिक मिलन में गांधीनगर सभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कमल दुगड़, तेरापंथी सभा अध्यक्ष सुरेश दक, महासभा के प्रतिनिधि प्रकाश लोढ़ा, विजयनगर सभा अध्यक्ष प्रकाश गांधी, मंत्री मंगल कोचर, तेयुप गांधीनगर अध्यक्ष विनय बैद, टी-दासरहल्ली से सभा के पूर्व अध्यक्ष लादूलाल बाबेल, मंत्री कन्हैयालाल गांधी, लादूराम डूंगरवाल, कमल गादिया, बहादुर सेठिया, माणकचंद मूथा, बिमल भंसाली, महिला मंडल अध्यक्षा स्वर्णमाला पोकरणा सहित अनेक पदाधिकारीगण एवं सदस्य उपस्थिति थे।