पूज्यप्रवर के श्रीचरणों में तप-जप की भेंट चढ़ाना है

संस्थाएं

पूज्यप्रवर के श्रीचरणों में तप-जप की भेंट चढ़ाना है

दिल्ली स्तरीय स्वागत कार्यक्रम

दिल्ली।
साध्वी अणिमाश्री जी का प्रथम बार दिल्ली पदार्पण पर श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, दिल्ली द्वारा ‘दिल्ली स्तरीय स्वागत कार्यक्रम’ आयोजित हुआ। भव्य एवं गरिमामय उपस्थिति में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के माता मंदिर में संघ प्रभावक कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें समाजसेवी के0एल0 जैन, मुख्य अतिथि एवं प्रतिभाधारी श्रावक धनराज बैद, मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे। दिल्ली की समस्त सभा-संस्थाओं एवं क्षेत्रीय सभा-संस्थाओं के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
साध्वी अणिमाश्री जी ने कहा कि संतों का स्वागत त्याग की चेतना का स्वागत है। अध्यात्म के आनंद व उल्लास का स्वागत है। भारतीय संस्कृति को अनवरत सिंचन देने वाली ऋषि परंपरा का स्वागत है। माता मंदिर के पवित्र प्रांगण में हमारे स्वागत का कार्यक्रम दिल्ली सभा ने आयोजित किया है। मुझे ऐसा महसूस हो रहा है कि यह स्वागत आचार्य भिक्षु की मर्यादा और अनुशासन का है। यह स्वागत पूज्य गुरुदेव की कृपामय दृष्टि का है। पूज्यप्रवर ने हमें दिल्ली भेजा है। इस वर्ष पूज्यप्रवर का दीक्षा कल्याणक महोत्सव वर्ष है। प्रभु को तप-जप और व्रत की भेंट चढ़ानी है। दिल्ली शहर में प्रभु मंत्र का ग्यारह करोड़ का तप के साथ जप करना है। पचरंगी तप करके प्रभु चरणों में तप का अर्ध्य चढ़ाएँ। बारह-व्रती श्रावक बनकर प्रभु को व्रतों का उपहार दें। त्यागी संतों का सच्चा स्वागत त्याग से ही हो सकता है। त्याग की चेतना और संकल्प की चेतना को जगाने के लिए ही संतों का आगमन होता है। साध्वी कर्णिकाश्री जी ने कहा कि संत पाप, ताप व संताप का हरण कर जीवन को अध्यात्म के शंृगार से शंृगारित करने आते हैं।
डॉ0 साध्वी सुधाप्रभा जी ने कहा कि साध्वी अणिमाश्री जी अमृत के महासागर आचार्यश्री महाश्रमण जी से अमृत लेकर अध्यात्म का अमृतपान करते आई हूँ। साध्वी मैत्रीप्रभा जी ने कहा कि गुरुकृपा से जो गंगा आई है, उसका पूरा लाभ लें। साध्वी कर्णिकाश्री जी, साध्वी डॉ0 सुधाप्रभा जी, साध्वी समत्वयशा जी, साध्वी मैत्रीप्रभा जी ने गीत का संगान किया। नगर निगम के पार्षद राजपाल सिंह ने साध्वीवृंद का स्वागत किया। सभाध्यक्ष सुखराज सेठिया, समाजसेवी पूर्व सभाध्यक्ष के0एल0 पटावरी, धनराज बैद, शाहदरा सभा अध्यक्ष पन्नालाल बैद, फरीदाबाद सभा मंत्री संजीव बैद, अणुव्रत समिति के अध्यक्ष शांतिलाल पटावरी, अणुव्रत न्यास के अध्यक्ष के0सी0 जैन, तेयुप अध्यक्ष विकास जैन, दक्षिण दिल्ली सभाध्यक्ष हीरालाल गेलड़ा, टीपीएफ अध्यक्ष राजेश कुमार जैन, कल्पना सेठिया, महिला मंडल अध्यक्षा मंजु जैन ने भावाभिव्यक्ति दी। संचालन सभा के मंत्री प्रमोद घोड़ावत ने किया। महिला मंडल ने मंगल संगान व स्वागत गीत प्रस्तुत किया।