एक महान वैज्ञानिक एवं बहुश्रुत मुनिप्रवर का महाप्रयाण

एक महान वैज्ञानिक एवं बहुश्रुत मुनिप्रवर का महाप्रयाण

मुनि आलोक, मुनि हिमकुमार, मुनि लक्ष्यकुमार

तेरापंथ धर्मसंघ के शासन प्रभावक एक महान वैज्ञानिक एवं बहुश्रुत परिषद के संयोजक प्रो0 मुनि महेंद्र कुमार जी स्वामी का महाप्रयाण एक अपूरणीय क्षति है। प्रो0 मुनि महेंद्र कुमार जी स्वामी परमपूज्य गुरुदेव आचार्य तुलसी के हाथों से दीक्षित हुए। उनमें संघ एवं संघपति के प्रति अमाप्य, अटूट भक्ति थी। वे सरलता, विनम्रता, ऋजुता, मधुरभाषिता आदि अनेकानेक आध्यात्मिक गुणों से महिमामंडित थे। वे विशेष ज्ञानलब्धि संपन्न थे। उन्होंने आगमों का गहन अध्ययन कर अनेक रहस्यों को उद्घाटित किया। जैन आगम भाष्य लेखन में उनकी सक्रिय भूमिका रही। वे एक महान वैज्ञानिक संत थे। उन्होंने अध्यात्म एवं विज्ञान पर तुलनात्मक विषय पर अनेकानेक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में प्रखर प्रवचन देकर शासन की खूब प्रभावना की। वे प्रेक्षाध्यान, अणुव्रत, जीवन विज्ञान, आगम-अनुसंधान एवं अवधान विद्या के बहुत ही गहरे अध्येता थे। उनकी प्रवचन शैली बहुत ही सरस एवं सारगर्भित थी। उनके इन महान गुणों का जितना वर्णन करूँ उतना ही कम है।
प्रो0 मुनि महेंद्र कुमार जी स्वामी का मेरे ऊपर भी अनंत-अनंत उपकार रहा है। उन्होंने मुझे ज्ञान-दर्शन-चारित्र एवं तप के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। खासकर मेरे शोधकार्य में भी मुनिश्री का सतत् मार्गदर्शन मुझे मिलता रहा। मुनिश्री द्वारा प्राप्त असीम वात्सल्य को मैं कभी भी नहीं भूल सकता। परमपूज्य गुरुदेव युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी ने भी मुनिश्री का बहुत सम्मान रखा। पूज्य गुरुदेव ने उन्हें बहुश्रुत परिषद का संयोजक मनोनीत कर शासन की महिमा को वृद्धिंगत किया। ऐसे महान शासन प्रभावक एवं असीम वात्सल्य प्रदायक मुनि महेंद्र कुमारजी स्वामी के प्रति श्रद्धाभाव से, विशेष अहोभाव से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। उनकी आत्मा परम लक्ष्य मोक्ष की ओर अग्रसर होती रहे, यही मंगलकामना हम तीनों ही संत करते हैं।
विशेष मुनि अजित कुमार जी स्वामी ने मुनि महेंद्र कुमार जी स्वामी की अग्लान भाव से लंबे वर्षों तक जो सेवा की वह हम सभी के लिए एक आदर्श प्रेरणा है। मैंने बहुत निकटता से अजित कुमारजी स्वामी को सेवा करते हुए देखा है। उनकी न केवल सेवा रही बल्कि आगमों के कार्यों में भी मुनिश्री की सक्रिय भूमिका रही है। ऐसे महान सेवाभावी तपस्वी संत को श्रद्धा से प्रणाम करता हूँ। साथ ही साथ मुनि जंबूकुमार जी, मुनि अभिजीत कुमारजी, मुनि जागृतकुमार जी एवं मुनि सिद्धकुमारजी की सेवा सराहनीय है, स्तुत्य है। खासकर इन छोटे युवा संतों ने प्रो0 मुनि महेंद्र कुमार जी स्वामी के पास रहकर सेवा करते हुए अपनी ज्ञान चेतना को जगाया यह बहुत ही अनुमोदनीय बात है। अतः हम तीनों ही संत रत्नाधिक मुनि अजित कुमार जी स्वामी एवं सभी संतों के प्रति आध्यात्मिक मंगलकामना करते हैं।
मुंबई सभा, मुंबई चातुर्मास व्यवस्था समिति एवं सकल मुंबई के श्रावक समाज ने जो मुनिश्री की सेवा की, वह भी अपने आप एक स्मरणीय है। सकल मुंबई समाज खूब आध्यात्मिक विकास करता रहे। पुनः दिवंगत आत्मा के प्रति हम तीनों ही संत श्रद्धाप्रणतिपूर्वक प्रणिपात करते हैं।