आचार्यश्री महाश्रमण जी के दीक्षा दिवस के आयोजन

संस्थाएं

आचार्यश्री महाश्रमण जी के दीक्षा दिवस के आयोजन

बीदासर
समाधि केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी रचनाश्री जी के सान्निध्य में आचार्यश्री महाश्रमण जी का 50वाँ दीक्षा दिवस ‘दीक्षा कल्याण महोत्सव’ के रूप में मनाया गया। शासनश्री साध्वी यशोमती जी ने कहा कि यदि कोई एक दिन भी शुद्ध दीक्षा का पालन करता है, वह अपना बड़ा कल्याण कर लेता है और आचार्यप्रवर ने 49 वर्ष शुद्ध पालन करते हुए महान कल्याण अर्जित किया है। साध्वी रचनाश्री जी ने कहा कि दीक्षा वह लेना चाहता है जो अंधकार से प्रकाश की ओर आना चाहता है, जो भोग में फँसी अपनी आत्मा को त्याग पथ पर लाना चाहता है। दीक्षा लेने वाले व्यक्ति के संग्रह वृत्ति छूटती है और वह अपनी आत्मा के प्रति अनुरागी बनकर वैरागी बन जाता है। शासनश्री साध्वी अमितप्रभा जी ने कहा कि आचार्यश्री महाश्रमण जी का श्रम बेजोड़ है। उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जन मानस में दीक्षा की प्रेरणा दी। साध्वीवृंद ने गीत की प्रस्तुति दी। सभा की ओर से रवि सेखानी, अजित बैंगानी, महिला मंडल अध्यक्षा चंदा देवी गिड़िया, उपाध्यक्ष शिखा देवी बैद, ज्ञानशाला की ओर से अलका बांठिया, इवा संचेती ने अपने विचार व्यक्त किए। कन्या मंडल एवं महिला मंडल ने गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन साध्वी गीतार्थप्रभा जी ने किया।