साध्वीवृंद का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश

संस्थाएं

साध्वीवृंद का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश

आमेट
आचार्यश्री महाश्रमणजी की सुशिष्या साध्वी कीर्तिलताजी आदि साध्वीवृंद का सन 2023 के चातुर्मास हेतु आमेट स्थित तेरापंथ भवन में मंगल प्रवेश हुआ। तुलसी विहार रेलवे स्टेशन से भव्य रैली के रूप में विहार करते हुये बस स्टेशन, भीलवाड़ा रोड, लक्ष्मी बाजार, जवाहर नगर आदि नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए साध्वीवृंद का तेरापंथ भवन में मंगल प्रवेश हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय कन्या मंडल की कन्याओं के मंगलाचरण से हुआ। साध्वी कीर्तिलताजी ने अपने प्रेरणादायी प्रवचन में कहा ‘यह वही आमेट है, जहां श्रद्धेय आचार्यश्री महाप्रज्ञजी ने सन्‌‍ 2004 में मुझे अग्रणी बनाया। इसलिए आमेट मेरी नई जन्मभूमि बन गई। उसी जन्मभूमि में आज श्रद्धेय आचार्यश्री महाश्रमणजी की आज्ञा और कृपा से चातुर्मास करने आई हूं।’ आपने आगे कहा ‘जीवन सरिता की भांति बहता जा रहा है। जरूरत है संयम, त्याग और धर्म का बांध बांधा जाए। संतों का आगमन इसीलिए होता है। संत बसंत के समान होते हैं, अतः संतों का स्वागत होता है।’
साध्वी शांतिलताजी, साध्वी पूनमप्रभाजी, साध्वी श्रेष्ठप्रभाजी ने आध्यात्मिक व्यापारी बनकर अपने व्यापार की संक्षिप्त प्रस्तुति दी। साध्वीवृंद के स्वागतअभिनंदन में तेरापंथी सभा अध्यक्ष देवेंद्र मेहता, महासभा कार्यसमिति सदस्य प्रवीण ओस्तवाल, निवर्तमान तेयुप अध्यक्ष पवन कच्छारा, तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्ष मीना गेलडा, अणुव्रत समिति अध्यक्ष दलीचंद कच्छारा, मूर्तिपूजक संघ अध्यक्ष प्रतापसिंह मेहता, वर्धमान स्थानकवासी अध्यक्ष सुरेंद्र सूर्या, बेंगलुरु से समागत कन्हैयालाल चिप्पड, राजा बाबू, तेयुप मंत्री विपुल पितलिया आदि द्वारा अपने भाव व्यक्त किये गये। महिला मंडल व कन्या मंडल द्वारा संभाषण, सुमधुर गीतिका द्वारा स्वागतअभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन तेरापंथी सभा मंत्री ज्ञानेश्वर मेहता ने किया। मोखुंदा से भी श्रावक समाज की अच्छी उपस्थिति रही। रैली में तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ कन्या मंडल सहित नगर की विभिन्न संस्थाओं के गणमान्यजन उपस्थित थे।