‘अनमोल रिश्ता सास-बहू का’ कार्यशाला का आयोजन

संस्थाएं

‘अनमोल रिश्ता सास-बहू का’ कार्यशाला का आयोजन

जयपुर शहर।
अभातेममं द्वारा निर्देशित कार्यक्रम के अंतर्गत, तेममं द्वारा सास-बहू कार्यशाला का आयोजन अणुविभा केंद्र में ‘शासन गौरव’ बहुश्रुत साध्वी कनकश्री जी के सान्निध्य में किया गया। भगवान महावीर के 2550वें परिनिर्वाण कल्याणक वर्ष पर साध्वीश्री जी ने भगवान महावीर के दर्शन के पारिवारिक सूत्रों के बारे में बताया कि हर व्यक्ति में सभी गुण नहीं होते, मगर हर व्यक्ति में कुछ ना कुछ विशेष गुण होते हैं। परिस्थितियों में, देखने के नजरिए में फर्क होता है, समय के साथ बदलाव जरूरी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल की सदस्य प्रीति घीया के मंगलाचरण के साथ किया गया। महिला मंडल की अध्यक्ष नीरू मेहता द्वारा स्वागत किया गया। कविता के माध्यम से सास-बहू के रिश्ते पर प्रकाश डाला। महिला मंडल की बहनों द्वारा लघु नाटिका ‘सास-बहू के रिश्ते’ का मंचन किया गया। जिसमें बहनों ने बताया कि दूसरों की बात में आकर मन में दुर्भाव नहीं लाना चाहिए। विवेक व समझदारी से घर को स्वर्ग बनाया जा सकता है।
मुख्य वक्ता अभातेममं की पूर्व अध्यक्ष पुष्पा बैद ने बताया कि सास-बहू में आपसी समझ होनी चाहिए। मतभेद हो सकते हैं, पर मनभेद नहीं रखना चाहिए। व्यवहार में समता व सहिष्णुता रखें, बड़ों को बड़प्पन रखना चाहिए। बहू को हर बात पीहर में नहीं बतानी चाहिए। निंदा, विवाद, कटाक्ष व शिकायत ना करें। कार्यक्रम में 10 जोड़ों ने सहभागिता की। रोचक सवाल-जवाब किए गए। कई तरह के गेम खिलाए गए। जोड़ियों को विभिन्न कैटेगरी में पुरस्कृत किया गया। प्रथम, द्वितीय को पुरस्कृत किया गया। सभी को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। अभातेममं की ट्रस्टी विमला दुगड़, शहर महिला मंडल की पूर्व अध्यक्ष डॉ0 कांता छाजेड़ की उपस्थिति रही।मंत्री नीलिमा बैद ने आभार ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन निधि लोढ़ा व प्रीति घीया ने किया।