तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

संस्थाएं

तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

श्रीडूँगरगढ़

अभातेममं के तत्वावधान में तेरापंथ महिला मंडल श्रीडूंगरगढ़ द्वारा मालू भवन में 'शासनश्री' साध्वी कुंथुश्री जी के सान्निध्य में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार महामंत्र व प्रेरणा गीत से की गई। नारी सशक्तिकरण पर एक नुक्कड़ नाटक कन्या मंडल व महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत किया गया। अध्यक्ष सुनीता डागा ने आए हुए सभी मेहमानों का स्वागत करते हुए अध्यक्षीय वक्तव्य दिया। साध्वीश्री जी ने प्रेरणा पाथेय प्रदान करते हुए कहा कि आज नारी हर क्षेत्र में सक्षम है। महिला धृति है, शक्ति है, शांति है। हर घर की शोभा है, महान शक्ति का नाम है नारी। सभी क्षेत्रों में नारी ने अपना विकास किया है। नारी को सशक्त बनाने के लिए नारी को नारी का साथ देना होगा मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक ताराचंद सारस्वत ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए सरकार की तरफ से महिलाओं को मिल रही योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य वक्ता पन्नालाल ने अपने वक्तव्य में कहा महिलाओं के पास वह कला है जो घर को बिगाड़ सकती है तो संवार भी सकती है। महिलाओं ने लर्निंग, लेबर, लीडरशिप तीन गुण सीख लिए तो समझो सब कुछ सीख लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अभातेममं की सभी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि आप अपने साथ हर महिला को जोड़ें, उन्हें सदस्य बनाएं। पहले अपने घर को मजबूत बनाएं और संस्कारों को सुरक्षित रखें।
आचार्यश्री महाश्रमण जी का पदाभिषेक दिवस आ रहा है ज्यादा से ज्यादा बहनें जप, तप, अठाई मासखमण से मनाएं। कार्यसमिति सदस्य नीरू पुगलिया ने कहा नारी एक ऐसी प्रज्ञा है जो हर समस्या का समाधान दे सकती है। साध्वी प्रमुखाश्री जी के संदेश का वाचन महासभा कार्यसमिति सदस्य सुशीला पुगलिया ने किया। रेखा भादानी को प्रेरणा सम्मान से सम्मानित किया गया। सभा से पवन सेठिया, युवक परिषद से मनीष नोलखा, अणुव्रत समिति से सत्य नारायण स्वामी ने अपने विचार रखे। संचालन परामर्शक संगीता दुगड़ ने किया।