तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

संस्थाएं

तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

पार्श्वनाथ सिटी

आचार्यश्री महाश्रमण जी की सुशिष्या साध्वी जिनबाला जी के सान्निध्य में पार्श्वनाथ सिटी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल के मंगलाचरण से हुआ। साध्वी जिनबाला जी ने महिला समाज को उद्बोधित करते हुये महिला शब्द के व्याख्यायित करते हुये अपने वक्तव्य में कहा कि पृथ्वी या चट्टान की भांति जो स्थिर रह सके वह महिला है। जो धैर्यवान हो, साहसी हो और जिसमें लज्जा का वास हो वह महिला है। साध्वी श्री ने अनेक उदाहरणों व प्रसंगों के माध्यम से महिला के महत्व को उजागर किया। साध्वी करूणाप्रभा जी ने अपने वक्तव्य में कहा कि महिला अपने समर्पण गुण से दो परिवारों को जोड़े रखने का महत्वपूर्ण कार्य करती है। साध्वी भव्यप्रभा जी ने सृजनशीलता को नारी का नैसर्गिक गुण बताते हुये उसकी व्याख्या की। वैभव भंडारी ने “मां के आंचल तले” गीत का सुंदर संगान किया। प्रवचन के पश्चात् जैन धर्म के चौबीस तीर्थंकर भगवान पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ३० से अधिक प्रतिभागियों में प्रथम स्थान संगीता सुराणा, द्वितीय स्थान मनीष भागचंदानी व तृतीय स्थान संतोष देवी आर्या ने प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन साध्वी प्राचीप्रभा जी ने किया।