तेरापंथ महिला मंडल के  विविध आयोजन

संस्थाएं

तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार साध्वी राकेशकुमारी जी के सान्निध्य में विले पार्ले, मुंबई में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के उच्चारण के साथ किया गया। तत्पश्चात मंडल की बहनों द्वारा प्रेरणा गीत का संगान किया गया। महिला मंडल की अध्यक्षा रेखा कोठारी ने कुशल संचालन करते हुए महिला दिवस पर अपने विचार रखे, जिसमें उन्होंने वूमेंस डे तथा भारतीय संस्कृति में नारी के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किये। मंत्री अंकिता वडाला ने महिला मंडल की बहिनों के साथ केंद्र द्वारा प्रेषित बिंदुओं के आधार पर नारी शक्ति के विभिन्न रूपों को दर्शाते हुए, ‘नारी, नारी का नहीं, देती आयी साथ, शायद उसका इसलिए, रिक्त रहा है हाथ’ विषय पर सुंदर नाटिका प्रस्तुत की। सहमंत्री भावना डागलिया ने कविता के माध्यम से अपने विचार रखे। पुष्पा रामपुरिया को प्रेरणा सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रेरणा सम्मान का वाचन हेमा कोठारी द्वारा किया गया। प्रेरणा सम्मान से सम्मानित पुष्पा रामपुरिया ने महिला मंडल का आभार व्यक्त करते हुए जीवन मे आचार्य भिक्षु के सिद्धांतों को उतारने की प्रेरणा दी। साध्वी श्री ने कहा कि परिवार को संपन्न एवं आत्मनिर्भर बनाने में नारी लक्ष्मी का स्वरूप है, संतानों को संस्कारी और शिक्षित बनाने में सरस्वती का पात्र अदा करती है एवं समाज मे कुरीतियों को मिटाने में वह दुर्गा बनना भी मंजूर करती है। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षा रेखा कोठारी ने नारीलोक पत्रिका पढ़ने और ज्ञान चेतना प्रश्नोत्तरी भरने के लिए सभी को प्रोत्साहित किया।