कैंसर जागरूकता अभियान कार्यशाला

संस्थाएं

कैंसर जागरूकता अभियान कार्यशाला

अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा निर्देशित कैंसर जागरूकता अभियान की कार्यशाला तेरापंथ महिला मंडल बोरावड़ द्वारा तेरापंथ भवन बोरावड़ में साध्वी गुप्तिप्रभाजी आदि ठाणा 4 के सान्निध्य में रखी गई। कार्यक्रम का प्रारंभ साध्वीश्री के नवकार मंत्र के उच्चारण से किया गया। तत्पश्चात् महिला मंडल की बहनों द्वारा प्रेरणा गीत का संगान किया गया। तेरापंथ सभा के निवर्तमान मंत्री रायचंद बोथरा द्वारा मुख्य अतिथि डॉक्टर प्रदीप शर्मा को एवं तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष विकास चौरड़िया द्वारा अणुव्रत विश्व भारती के मीडिया प्रभारी पंकज दूधोरिया को दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष हर्षा चौरडिया द्वारा स्वागत भाषण दिया गया। पंकज दूधोरिया ने कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी पर अपने विचार व्यक्त किए गए। उन्होंने बताया कि हमें अपनी दैनिक दिनचर्या को विधिवत रखना चाहिए तथा अपने खान-पान में जागरूकता रखनी चाहिए और योग और प्राणायाम को अपने जीवन का महत्वपूर्ण अंग बनाना चाहिए। डॉक्टर प्रदीप शर्मा ने बताया कि कैंसर कई प्रकार का होता है। इस स्थिति में हमारे शरीर में अनेक प्रकार के परिवर्तन आने लगते हैं जैसे कमजोरी आना, भूख न लगना, वजन का घटना-बढ़ना आदि, ऐसी स्थिति में हमें तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। आगे यह भी बताया कि तीन प्रकार का सफेद जहर होता है जो कि प्रतिदिन हमारे शरीर के अंदर जाता है नमक, शक्कर और मैदा। इसका हमें कम से कम उपयोग करना चाहिए। हमें पिज़्ज़ा, बर्गर, पास्ता आदि फास्ट फूड से बचना चाहिए। आज सबसे ज्यादा ब्रेस्ट कैंसर और मुंह का कैंसर बहुत विकराल रूप ले रहा है इसके लिए हमें तंबाकू, सिगरेट आदि का प्रयोग नहीं करना चाहिए। अगर यह बीमारी किसी के हो भी जाए तो उसे अपनी सोच को सकारात्मक रखना चाहिए। सकारात्मक सोच से ही वह कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से लड़ सकता है।
साध्वीश्री ने कहा कि पहले के जमाने में लोगों का खान-पान बहुत सात्विक था। उनकी दिनचर्या सही थी। शुद्ध अनाज, शुद्ध दूध, शुद्ध दही सब कुछ शुद्ध था। आजकल सब चीजों में केमिकल होता है, वह हमारे शरीर में अनेक प्रकार की बीमारियों को उत्पन्न करता है जिसमें एक है कैंसर। इसके निवारण के लिए साध्वीश्री ने जाप को एक बहुत बड़ा माध्यम बताया।