सामूहिक संवाद से समाज में हो जागृति

संस्थाएं

सामूहिक संवाद से समाज में हो जागृति

मुनि जिनेश कुमार जी ठाणा 3 के सान्निध्य में 78वें स्वतंत्रता दिवस की रात्रि में अभिनव टॉक शो का सफल आयोजन प्रेक्षा विहार में तेरापंथ युवक परिषद् द्वारा किया गया। टॉक शो का मुख्य विषय था धर्म, युवा और देशप्रेम। टॉक शो के पैनल में युवक रत्न रतन दुगड़ व डॉक्टर तारा दुगड़ एवं मंच संचालक महानगर पत्र के संपादक प्रकाश चंडालिया थे। संवाद के मुख्य चर्चनीय विषय-युवा धर्म की और कैसे आकर्षित हो, युवा हमारी श्रेष्ठ संस्कृति से विमुख क्यों हो रहे हैं?, समाज में व्यसन, फैशन, प्री वेडिंग, डिजिटल समस्या, आदि थे। विषयों पर संभागियों ने खुलकर अपने विचार व्यक्त किए। संवाद क्रम की संपन्नता के पश्चात आशीर्वचन प्रदान करते हुए मुनि जिनेशकुमार जी ने कहा- जीवन की हर समस्या का समाधान देने वाला तत्व धर्म है। धर्म आत्मशुद्धि का उपाय है। धर्म अन्तःचेतना को जगाने वाला है।
धर्म के तीन अंग है अध्यात्म, नैतिकता, उपासना। धर्म स्वास्थ्य, समाधि, शांति व सुख देने वाला है। युवा अपनी संस्कृति के प्रति आस्था रखे। प्रत्येक व्यक्ति के भीतर जैनत्व झलकना चाहिए। पैनल में उपस्थित रतन दुगड़ ने कहा- युवा धर्म से विमुख नहीं है। उसे कल्चर, वरशिप के साथ फिलोसॉफी भी समझना होगा तभी वह धर्म से जुड़ सकेगा। डॉक्टर तारा दुगड़ ने कहा - इंसान का मूल आधार है संस्कार, संस्कार निर्माण में सबसे पहले रोल है अभिभावकों का। बच्चे उपदेशों से नहीं आचरणों से सीखते हैं। इस अवसर पर मुनि परमानंद जी ने कहा टॉक शो का आयोजन सामूहिक संवाद के माध्यम से समाज में जागृति पैदा करने का प्रयास मात्र है। सामाजिक एवं धार्मिक मुद्दों पर सामूहिक चर्चा से एक नया संदेश समाज को मिले यह अपेक्षा है। मुनि कुणाल कुमार जी द्वारा सुमधुर गीत के संगान से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। स्वागत भाषण तेयुप अध्यक्ष गगनदीप बैद ने दिया। तेयुप सदस्यों व भजन मंडली ने देशभक्ति गीतों का संगान किया। आभार ज्ञापन तेयुप सहमंत्री सुनीत नाहटा ने किया। टॉक शो का कुशल संचालन प्रकाश चंडालिया और मंत्री अमित बेगवानी ने किया।