अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विविध आयोजन

संस्थाएं

नालासोपारा, मुंबई

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विविध आयोजन

नालासोपारा, मुंबई। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा निर्देशित ‘प्रेक्षाप्रवाह शांति एवं शक्ति की भोर’ विषयक कार्यशाला का आयोजन तेरापंथ महिला मंडल, नालासोपारा द्वारा किया गया। कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए प्रोफेसर साध्वी मंगलप्रज्ञा जी ने कहा- भगवान महावीर का दर्शन स्वास्थ्य का दर्शन है। भगवान महावीर की विलुप्त साधना पद्धति को आचार्य श्री तुलसी एवं आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी ने पुनर्जागृत किया। जैनागमों में निहित अनेक ध्यान सूत्रों का अन्वेषन किया, विभिन्न प्रयोग किए, प्रलम्ब साधना के फलस्वरूप मानवजाति को प्रेक्षाध्यान दिया। साध्वी प्रो.मंगलप्रज्ञा जी ने आगे कहा- प्रेक्षाध्यान में व्यक्तिव परिवर्तन, भावना परिवर्तन के अनेक प्रयोग हैं। दीर्घ श्वास प्रेक्षा, चैतन्यकेन्द्र प्रेक्षा आदि से रोग प्रतिरोधात्मक शक्ति का विकास संभव है। महिला सशक्तिकरण में भी प्रेक्षाध्यान महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकता है। आज की तनावग्रस्त जीवन शैली को प्रशस्त बनाने के लिए प्रेक्षाध्यान साधना पद्धति है, जरूरत है इस साधना को जीवनचर्या का अंग बनाया जाए। महिला मंडल की बहनों ने प्रेक्षा गीत का संगान किया। तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्षा मानसी मेहता ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। डॉ. साध्वी चैतन्यप्रभा जी ने कहा- ध्यान की शैली अनेक समस्याओं का समाधान है। विश्वास और श्रद्धा के साथ की गई साधना फलवान बनती है।
डॉ. साध्वी शौर्यप्रभा जी ने आसन, ध्यान मुद्रा आदि के प्रयोग करवाए। साध्वी सुदर्शनप्रभा जी ने मंगल-भावना करवाई। कार्यक्रम का संचालन साध्वी डॉ. शौर्यप्रभा जी ने किया। मंत्री प्रवीणा खाब्या ने आभार ज्ञापन किया।