
संस्थाएं
स्वरधारा व प्रेरणा सम्मान का आयोजन
तेरापंथ महिला मंडल द्वारा तेरापंथ सभा भवन में स्वरधारा व प्रेरणा सम्मान का आयोजन साध्वी पावनप्रभाजी के सान्निध्य में किया गया। साध्वीश्री ने नमस्कार महामंत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। सर्वप्रथम महिला मंडल की बहनों द्वारा प्रेरणा गीत का संगान किया गया। उपाध्यक्ष मंजू बोथरा ने अपने स्वागत वक्तव्य में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की सभी को बधाई दी। प्रतियोगिता में 12 बहनों ने नारी शक्ति पर आधारित सुन्दर कविता के माध्यम से प्रस्तुति की। जिसमें वंदना भंसाली प्रथम, पूनम दुग्गड द्वितीय और रुचिका पटावरी तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त प्रेरणा गीत की काव्य पाठ रूपी प्रस्तुति हेतु ऑनलाइन प्रतियोगिता में 7 बहनों ने वीडियो बनाकर भेजें, जिनमें ममता सिंघवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कन्या मंडल द्वारा नारी पर सुंदर प्रस्तुति दी गई।
साध्वी पावनप्रभा जी ने कहा महिला घर का आधारशिला है। मां जन्म देने वाली होने के साथ ही घर की लक्ष्मी, सरस्वती है। वह ऐसे घर का निर्माण करती है जिसमें प्यार की छत, विश्वास की दीवार, सहयोग के दरवाजे और अनुशासन की खिड़कियां होती हैं। महिला समाज व परिवार को भी संपोषित करती हैं। उन्होंने महिला दिवस के उपलक्ष में विशेष रूप से सभी को संयमनिष्ठ व श्रमनिष्ठ बनने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में बिंदु रायसोनी को प्रेरणा सम्मान पत्र से सम्मानित किया गया। उनका परिचय आशा लोढ़ा ने तथा प्रेरणा पत्र का वाचन विजय लक्ष्मी मुणोत ने किया। बिंदु रायसोनी ने अपने वक्तव्य में कहा कि महिलाएं आज भी अपना सहअस्तित्व खोज रही हैं और हर जगह संघर्ष कर रही है। सभा की उपाध्यक्ष सरोज आर. बैद ने भी अपने विचार व्यक्त किए। आरआर नगर महिला मंडल हर दम उन्नति की ओर अग्रसर रहे। प्रतियोगिता की निर्णायक सरोज बोथरा एवं दीप्ति गौरव गुप्ता ने अपने भावों की अभिव्यक्ति दी। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। संचालन कार्यक्रम की संयोजिका एवं सह-संयोजिका मधु कटारिया एवं पूनम दक ने किया। आभार मंत्री पदमा महेर ने किया।