
संस्थाएं
2624वें भगवान महावीर जन्म कल्याणक पर श्रद्धासिक्त कार्यक्रम
चैन्नई महानगर के अयनावरम स्थित जैन दादावाड़ी में भगवान महावीर जन्म कल्याणक दिवस का आयोजन भव्य और विराट रूप में श्री जैन महासंघ द्वारा मूर्तिपूजक संप्रदाय के आचार्य युगोदयप्रभसूरीश्वरजी, स्थानकवासी सम्प्रदाय के समकितमुनि जी, एवं तेरापंथ धर्मसंघ के मुनि दीपकुमार जी के सान्निध्य में समायोजित हुआ। मुनि दीप कुमार जी ने सारगर्भित श्रद्धाभिव्यक्ति देते हुए कहा - भगवान महावीर के सिद्धांत वर्तमान युग में बहुत प्रासंगिक हैं। वे कभी आउट ऑफ डेट नहीं होंगे। सदा अप टू डेट बने रहेंगे। भगवान महावीर के अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकात के सिद्धान्त से हर समस्या का समाधान हो सकता है। विश्व में अनेक व्यक्ति प्रतिदिन जन्म लेते हैं पर सभी की जयंती नहीं मनाई जाती। जयंती उनकी मनाई जाती है जो अंधकार में निमग्न संसार को सत्य का प्रकाश दिखाते है। भगवान महावीर ऐसे ही महापुरुष थे। भगवान हमारी जुबान पर ही नहीं, जीवन में रहें। मुनिश्री ने जैन संस्कृति के गौरव को सुरक्षित बनाएं रखने का समाज से आह्वान किया। मुनिश्री ने कहा कि आज जैन एकता का सुन्दर रूप दिखाई देता है। इसमें आचार्य श्री तुलसी, आचार्य श्री महाप्रज्ञजी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वर्तमान में आचार्यश्री महाश्रमणजी जैन एकता के कार्य को बहुत महत्व दिरा रहे हैं। आचार्य युगोदयप्रभसूरीश्वर जी ने कहा - परमात्मा की वाणी जगत कल्याणकारी है, जीवों को तारने वाली है। अपने जीवन में महावीर को अपनाएं, खानपान शुद्ध रखें। समकित मुनिजी ने कहा - पूर्वजों की पुण्याई से प्राप्त जैनत्व के मान-सम्मान को हमें आगे बढ़ाना चाहिए। अपने नाम के साथ सभी जैन भाई-बहन जैन लगाएं। कार्यक्रम में अतिथि विशेष वायुसेना के विंग कमांडर कुलदीप जैन, मुख्य अतिथि राजस्थान से विधायक लादूलाल पितलिया थे। जैन महासंघ के अध्यक्ष प्यारेलाल पितलिया ने स्वागत भाषण दिया। संचालन विपिन सतावत ने किया।