
संस्थाएं
जल संरक्षण कार्यशाला का भव्य आयोजन
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार, तेरापंथ महिला मंडल कोयम्बतूर द्वारा ‘एक बूंद: एक सागर: जल संरक्षण’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार महामंत्र के उच्चारण से की गई। तत्पश्चात मंडल की बहनों द्वारा प्रेरणा गीत का संगान किया गया। मंडल अध्यक्ष मंजू सेठिया ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। मंडल की बहनों — रुपकला भंडारी, गुण बोहरा, निर्मला कांकरिया, सुरेखा सेमलानी और कुसुम बुच्चा — ने बहुत ही सुंदर व सरल शब्दों में समझाया कि शरीर अन्न के बिना कुछ दिन तो रह सकता है, परंतु पानी के बिना जीवन असंभव है। उन्होंने बताया कि जल संरक्षण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। साथ ही यह भी समझाया कि जैन धर्म के अनुसार यदि हम संयमपूर्वक जल का उपयोग करें, तो अपकाय जीवों की हिंसा से भी बच सकते हैं। सभी बहनों ने जल के संयमित उपयोग का संकल्प लिया। धन्यवाद ज्ञापन मंडल अध्यक्ष मंजू सेठिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन अपराजिता नाहटा ने किया।