आध्यात्मिक मिलन कार्यक्रम

संस्थाएं

मानसरोवर गार्डन, दिल्ली।

आध्यात्मिक मिलन कार्यक्रम

मुनि उदित कुमार जी कीर्ति नगर से विहार कर प्रवीण वरुण डूंगरवाल के निवास स्थान मानसरोवर गार्डन पधारे जहां ‘शासनश्री’ साध्वी सुव्रतांजी से आध्यात्मिक मंगल मिलन हुआ। गुरु संदेश वाहक बनकर पधारे हुए बहुश्रुत परिषद के सम्मानित सदस्य मुनि उदित कुमार जी का स्वागत करते हुए साध्वी सुव्रतांजी ने कहा - आज का दिन धन्यातिधन्य एवं पुण्यातिपुण्य है कि मुनिश्री आचार्यप्रवर का एवं साध्वी प्रमुखाश्री जी का पावन संदेश लेकर पधारे हैं। यह पत्र हमारा शिर-छत्र है, प्राण-त्राण और वरदान है। इसके द्वारा हमारे जीवन में नूतन शक्ति का संचार होता है। नई प्रेरणा नई जागृति आती है। मुनिश्री जी हमारे संघ के प्रतिष्ठा प्राप्त एवं गुरु दृष्टि के कुशल आराधक हैं। आपने मंत्री मुनि सुमेरमलजी स्वामी के सान्निध्य में गहरा ज्ञानार्जन किया है। अनुभव सम्पदा से अपने आप को समृद्ध बनाया है।
मुनि उदितकुमार जी ने कहा कि - मैं हमारे संघ की धरोहर बुजुर्ग एवं अनुभव सम्पदा से सम्पन्न ‘शासनश्री’ साध्वीश्री सुव्रतांजी एवं सहवर्ती साध्वियों से मिलकर प्रसन्नता की अनुभूति कर रहा हूँ। साध्वी श्री कार्तिकप्रभा एवं साध्वी श्री चिंतनप्रभा जी ने सुमधुर स्वरों में स्वागत गीतिका का संगान करके मुनिश्री का स्वागत किया। आध्यात्मिक मिलन के पश्चात मुनिश्री का तेरापंथ भवन में प्रवास हेतु मंगल पदार्पण हुआ। इस अवसर पर मानसरोवर गार्डन सभा द्वारा मुनिश्री के स्वागत का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मानसरोवर गार्डन की बहनों ने मंगलाचरण से किया। सभा अध्यक्ष नरेन्द्र पारख ने स्वागत वक्तव्य दिया।
पश्चिमी दिल्ली महिला मंडल मंत्री मीना डूंगरवाल, जैन फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश नाहटा, तेयुप दिल्ली के उपाध्यक्ष सुनील छाजेड़, दिल्ली सभा के मंत्री मनोज बोरड़, आदि ने मुनिश्री का स्वागत करते हुए अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। सभा अध्यक्ष और उनकी टीम ने मुनिश्री का स्वागत करते हुए अपने भावों को सुन्दर गीतिका के द्वारा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सुन्दर संयोजन मधु रांका ने किया। अंत में मुनिश्री ने उद्बोधन प्रदान किया और मंगल पाठ के साथ कार्यक्रम समापन किया।