
संस्थाएं
आध्यात्मिक जप अनुष्ठान का आयोजन
तेरापंथ युवक परिषद् बेंगलुरु के तत्वावधान में कुंडलिया सदन में आध्यात्मिक ' जप अनुष्ठान' का आयोजन भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने पैंसठिया छंद के जप के माध्यम से आत्मिक शांति, मानसिक स्थिरता और आध्यात्मिक ऊर्जा का गहन अनुभव किया। कार्यक्रम की मुख्य विशेषता रहा ' त्रिवेणी संगम,' जो आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्याएं – साध्वी पावनप्रभा जी, साध्वी पुण्ययशा जी एवं साध्वी सोमयशा जी (ठाणा-11) – के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। साध्वी पावनप्रभा जी ने नमस्कार महामंत्र से कार्यक्रम का शुभारंभ किया, तथा साध्वी पुण्ययशा जी ने पैंसठिया छंद जप अनुष्ठान का प्रयोग करवाया। साध्वी पावनप्रभा जी ने इसे 24 तीर्थंकरों की स्तुति से युक्त एक अद्भुत अनुष्ठान बताया, जबकि साध्वी पुण्ययशा जी ने छंद की गणनात्मक विशेषताएं साझा कीं। साध्वी सोमयशा जी ने इसे आत्मजागरण और ऊर्जा-संचार का माध्यम बताया।
कार्यक्रम के अंतर्गत साध्वी पावनप्रभा जी के मंगल भावना समारोह में श्रद्धालुओं ने आगामी चातुर्मास हेतु मंगलकामनाएं अर्पित कीं। साध्वीवृंद ने बेंगलुरु समाज की आस्था, सहयोग एवं सेवा भावना की सराहना की। इस आयोजन में लगभग 175 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन तेयुप परामर्शक जितेन्द्र घोषल ने किया। अध्यक्ष विमल धारीवाल ने स्वागत किया, मंत्री राकेश चोरड़िया ने आभार जताया, तथा संयोजन विकास चोरड़िया द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक किरणचंद, प्रकाश एवं बजरंग कुंडलिया परिवार रहे। आयोजन में तेरापंथ सभा, महिला मंडल, अणुव्रत समिति, प्रोफेशनल फोरम सहित कई संस्थाओं और बेंगलुरु के विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।