
संस्थाएं
कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
तेरापंथ युवक परिषद, गंगाशहर की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह उग्रविहारी तपोमूर्ति मुनि कमल कुमार जी के सान्निध्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सामायिक, नवकार मंत्र जाप, भक्तामर स्तोत्र, प्रेक्षा ध्यान तथा जैन संस्कार विधि द्वारा विधिपूर्वक शपथ ग्रहण से हुई। मुनिश्री के मुखारविंद से नमस्कार महामंत्र के उच्चारण के साथ कार्यक्रम आरंभ हुआ। तेयुप साथियों द्वारा विजय गीत प्रस्तुत किया गया। आचार्य तुलसी शांति प्रतिष्ठान के अध्यक्ष गणेश बोथरा द्वारा श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन किया गया। कार्यक्रम में जैन संस्कारक धर्मेन्द्र डाकलिया, रतनलाल छलाणी, पीयूष लूणिया, देवेन्द्र डागा, विपिन बोथरा, भरत गोलछा और रोहित बैद ने कार्यक्रम का संपादन किया तथा उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को जैन संस्कार विधि की विस्तृत जानकारी दी।
निवर्तमान अध्यक्ष महावीर फलोदिया ने नव मनोनीत अध्यक्ष ललित राखेचा को पद की शपथ दिलाई। नवमनोनीत अध्यक्ष ललित राखेचा ने पदाधिकारियों, परामर्शकों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की घोषणा की। देवेन्द्र डागा व भरत गोलछा ने उपाध्यक्ष, मांगीलाल बोथरा ने मंत्री, रोशन नाहटा व कुलदीप छाजेड़ ने सह-मंत्री, उमेश सोनी ने कोषाध्यक्ष, रोहित बैद ने संगठन मंत्री एवं हिमांशु सिंघी ने किशोर मंडल संयोजक के रूप में शपथ ग्रहण की। किशोर मंडल संयोजक हिमांशु सिंघी ने अपनी टीम के सदस्यों का नामोल्लेख किया। निवर्तमान अध्यक्ष महावीर फलोदिया ने अध्यक्षीय दायित्व का औपचारिक हस्तांतरण नव मनोनीत अध्यक्ष ललित राखेचा को किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में ललित राखेचा ने कहा कि सभी युवाओं और किशोरों को संगठन से जुड़कर आत्मविकास की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने अपनी कार्यकारिणी के साथ एक प्रस्तुति के माध्यम से समाज से आह्वान किया कि संघ कार्यों में सभी मिलकर सहभागिता करें।
मुनि कमल कुमार जी ने नवगठित कार्यकारिणी को प्रेरणा देते हुए कहा, ' जहां संगठन होता है, वहां संविधान होता है। संगठन में नए व्यक्तियों की भागीदारी से समाज विकास की ओर अग्रसर होता है। पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन जागरूकता के साथ करें, नियमित दर्शन, सेवा एवं प्रवचनों का श्रवण करें जिससे वे कुशलता से कार्य कर सकें।' उन्होंने गुरु-दृष्टि की आराधना और गुरु-आशीर्वाद को 'ओज आहार' मानकर सतत संघ प्रभावक कार्य करने की प्रेरणा दी। मुनि श्रेयांश कुमार जी ने गीतिका के माध्यम से युवाओं को प्रेरित किया।
इस अवसर पर तेरापंथ सभा के मंत्री जतनलाल संचेती, आचार्य तुलसी शांति प्रतिष्ठान के मंत्री दीपक आंचलिया, महिला मंडल की अध्यक्षा संजू लालाणी, अणुव्रत समिति के मंत्री मनीष बाफना ने शुभकामना स्वर व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में शांति प्रतिष्ठान अध्यक्ष गणेश बोथरा ने तेरापंथ युवक परिषद, गंगाशहर को भवन निर्माण हेतु चौपड़ा बाड़ी में 600 गज के प्लॉट की घोषणा कर समस्त परिषद को गदगद कर दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन देवेन्द्र डागा ने किया।