
संस्थाएं
मंत्र प्रेक्षा कार्यशाला का आयोजन
अभातेममं के निर्देशानुसार, तेरापंथ महिला मंडल चेंबूर द्वारा 'शासनश्री' साध्वी कंचनप्रभा जी के सान्निध्य में 'प्रेक्षा प्रवाह: शांति एवं शक्ति की ओर' विषय पर 'अर्हं मंत्र प्रेक्षा कार्यशाला' का सुंदर आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत साध्वीश्री द्वारा नमस्कार महामंत्र से की गई। इसके पश्चात महिला मंडल की बहनों ने प्रेक्षा ध्यान गीत प्रस्तुत किया। महिला मंडल अध्यक्षा मनीषा कोठारी ने स्वागत वक्तव्य देकर सभी का हार्दिक स्वागत किया। साध्वीश्री ने अपने वक्तव्य में बताया कि अर्हं मंत्र आत्मा को जाग्रत करने वाला मंत्र है। प्रेक्षाध्यान हमें अपने भीतर झांकने की कला सिखाता है, और जब मंत्र और ध्यान का संगम होता है, तो शक्ति शांति में परिवर्तित हो जाती है। 'णमो अरिहंताणं' केवल ध्वनि नहीं, बल्कि चेतना को जाग्रत करने का मार्ग है। प्रेक्षा प्रवाह उसी शक्ति को शांति में बदलने की साधना है। कार्यक्रम का संचालन साध्वी मंजूरेखा जी ने कुशलतापूर्वक किया। साध्वी उदितप्रभा जी ने कायोत्सर्ग का अभ्यास करवाया। प्रेक्षा प्रशिक्षिका मीना साबद्रा ने अर्हं मंत्र प्रेक्षा की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि यह साधना आत्मा की शुद्धि एवं आंतरिक जागरण का सशक्त माध्यम है। प्रेक्षा प्रशिक्षिका ऊषा कच्छारा द्वारा ‘अर्हम’ की दिव्य ध्वनि का प्रयोग करवाया गया। कार्यक्रम का आभार ज्ञापन उपाध्यक्ष विशाखा बापना ने किया। इस अवसर पर मंत्री बेला डांगी और महिला मंडल की बहनों की सक्रिय एवं सराहनीय उपस्थिति रही।