
संस्थाएं
चाह को राह दिखाता है चातुर्मास
साध्वी सोमयशाजी ठाणा 3 का चातुर्मासिक प्रवेश अभिनंदन रैली के साथ यशवंतपुर सभा भवन में हुआ। साध्वी सोमयशाजी ने अपने उद्बोधन में श्रावक समाज को कहा कि संत गुरु-आशीर्वाद की आराधना करते हुए जब चातुर्मासिक क्षेत्र में पहुँचते हैं, तो गुरु निश्चिंत हो जाते हैं। आज सभी स्वागत कर रहे हैं। यह स्वागत भिक्षु की आचार परंपरा, मर्यादा और अनुशासन का है। भिक्षु जन्म त्रिशताब्दी वर्ष पर तीन बातों का विशेष ध्यान रखना है:
1. वचन को मधुर बनाएं।
2. मस्तिष्क को शांत बनाएं।
3. व्यवहार को उत्तम बनाएं।
साध्वी डॉ. सरलयशाजी ने कहा कि लगभग 900 कि.मी. का विहार कर साध्वियां अपने चातुर्मासिक क्षेत्र में पहुँची हैं। लक्ष्य को हासिल करने के लिए संकल्पशील होना जरूरी है। संकल्प की शक्ति से प्रमाद रूपी राक्षस दूर होता है। चातुर्मास अपनी चाह को पूरी करने की राह दिखाता है। साध्वी ऋषिप्रभाजी ने श्रावकों के उत्साह और खुशी को देखते हुए प्रेरणा दी कि चातुर्मास में इस उत्साह को कम नहीं करना है। उन्होंने कहा कि यशवंतपुर क्षेत्रवासी सभा, महिला मंडल, युवक परिषद के रास्ते की सेवा सराहनीय रही है। सभाध्यक्ष सुरेश बरडिया ने धर्म परिषद का स्वागत करते हुए साध्वी वृंद के प्रति मंगलकामना की। सभा, महिला मंडल और युवक परिषद की संयुक्त रूप से गुरुदेव के प्रति कृतज्ञता के भावों के साथ स्वागत गीतिका प्रस्तुत की गई।
तेरापंथ भवन निर्माण संयोजक हीरालाल मालू ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यशवंतपुर एक श्रद्धावान एवं साताकारी क्षेत्र है। ज्ञानशाला ज्ञानार्थियों द्वारा 'धर्म का सिपाही हूँ' गीत की सुंदर प्रस्तुति हुई। महिला मंडल व कन्या मंडल द्वारा शब्द चित्र प्रस्तुत किया गया, जिसमें रेखा पितलिया ने स्वागत करते हुए के.जी.एफ. क्षेत्र से साध्वी पावनप्रभाजी के मंगलकामना संदेश का वाचन किया। लाडली मुथा ने तीनों साध्वियों का संक्षिप्त परिचय दिया। लता भंसाली एवं मीना दक ने साध्वीश्री के विहार क्षेत्रो का उल्लेख किया एवं सभी से चातुर्मास का समय अधिक तप, जप, ध्यान में बिताने का आह्वान किया।
प्रवक्ता उपासक महेन्द्र दक ने स्वरचित स्वागत गीत का संगान किया। नवीन बरडिया और गगन बरडिया ने भी गीत का संगान किया। साध्वी संयमलताजी के मंगलकामना संदेश का वाचन विजयनगर अध्यक्ष मंगल कोचर ने किया। राज राजेश्वरी नगर से अध्यक्ष राकेश छाजेड, राजाजीनगर अध्यक्ष अशोक चौधरी, टी.पी.एफ. वेस्ट जोन अध्यक्ष ललित बेंगानी, दासरहल्ली महिला मंडल अध्यक्ष नेहा चावत, पूर्व मंत्री महावीर ओस्तवाल और महावीर गन्ना ने विचार व्यक्त किए। शिवमोगा से हेमलता बाफना, सौंदत्ति से आयुषी लुंकड़ ने मंगलकामना के भाव व्यक्त किए।
निवर्तमान अध्यक्ष गौतम मुथा, पूर्व अध्यक्ष प्रकाश बाबेल, मेवाड़ भवन, स्थानकवासी संघ, मंदिर मार्गी संघ से गणमान्य व्यक्ति एवं चातुर्मास के मुख्य प्रायोजक बोराणा परिवार ने भी अभिनंदन के भाव रखे। प्रवेश कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन करते हुए मंत्री अनिल दक ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया एवं साध्वी पुण्ययशा के द्वारा प्राप्त मंगलकामना के भाव व्यक्त करते हुए त्रिदिवसीय जप अनुष्ठान एवं रात्रिकालीन कार्यक्रम की जानकारी दी। आभार उपाध्यक्ष कुंदन गन्ना ने किया। रैली संयोजक सुनील बाबेल ने रैली की व्यवस्था संभाली। यशवंतपुर एवं आस-पास के क्षेत्रों से श्रावक समाज की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।