साध्वी वृन्द का मंगल प्रवेश एवं प्रज्ञा दिवस का आयोजन

संस्थाएं

राजराजेश्वरी नगर।

साध्वी वृन्द का मंगल प्रवेश एवं प्रज्ञा दिवस का आयोजन

परम पूज्य गुरुदेव की असीम अनुकंपा से साध्वी पुण्ययशा जी ठाणा-4 ने राजराजेश्वरी नगर में चातुर्मास हेतु कैलाश चंद कोठारी के निवास स्थान से विहार कर प्रेस्टीज बागमाने टेंपल बेल अपार्टमेंट में मंगल प्रवेश किया। श्रावक समुदाय ने श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक साध्वीवृंद का स्वागत किया। साध्वीश्री के सान्निध्य में आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी के 106वें जन्मदिवस को प्रज्ञा दिवस के रूप में मनाया गया। लगभग 250 श्रद्धालुओं की उपस्थिति में 'ॐ श्री महाप्रज्ञ गुरवे नमः' मंत्र के सामूहिक सवा लाख जाप के साथ प्रज्ञा अनुष्ठान संपन्न हुआ, जिससे संपूर्ण वातावरण महाप्रज्ञमय हो उठा।
अपने प्रवचन में साध्वी पुण्ययशा जी ने कहा कि आचार्य महाप्रज्ञ एक विशिष्ट प्रज्ञा-सम्पन्न संत थे। उन्होंने ध्यान-योग की उत्कृष्ट साधना द्वारा अपनी अंतर्ज्ञान शक्ति को जागृत किया। वे व्यक्ति, समाज, देश और राष्ट्र को जोड़ने वाले युगदृष्टा थे। वे राष्ट्र के भाग्य विधाता, देश की महान धरोहर, जीवन एवं जगत के अज्ञात रहस्यों के ज्ञाता, अध्यात्म के कल्पवृक्ष, प्रखर वक्ता और महान साहित्यकार थे। उन्होंने प्रेक्षा ध्यान, जीवन विज्ञान, अणुव्रत, अहिंसा प्रशिक्षण जैसे अनेक आयाम प्रस्तुत किए, जो आज के युग की महत्ती आवश्यकता हैं। ऐसे संत शताब्दियों में कभी-कभी अवतरित होते हैं। साध्वीश्री ने सभी को चातुर्मास को तप–जप–स्वाध्याय से ऐतिहासिक बनाने की प्रेरणा दी। साध्वीवृंद द्वारा आचार्य श्री के महान व्यक्तित्व एवं कर्तृत्व पर आधारित एक रेखाचित्र के माध्यम से सुंदर और रोचक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा – 'गुरुवर का संदेशा लाएँ हैं, गण सैनिक बन आए हैं' शीर्षक गीतिका, जिसकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने भाव-विभोर कर दिया।
इससे पूर्व, सभा अध्यक्ष राकेश छाजेड़ ने साध्वीवृन्द का भावपूर्ण स्वागत किया। ट्रस्ट अध्यक्ष मनोज डागा एवं तेयुप अध्यक्ष विकास छाजेड़ ने अपने भावों की अभिव्यक्ति दी। महिला मंडल अध्यक्ष सुमन पटावरी एवं नवमनोनीत अध्यक्ष मंजू बोथरा ने स्वागत वक्तव्य दिया। प्रेस्टीज की बहनों ने महाप्रज्ञ अष्टकम एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिकता से भर दिया। हनुमन्तनगर सभा के अध्यक्ष गौतम दक एवं श्रावक समाज की भी उपस्थिति रही। संपूर्ण कार्यक्रम की व्यवस्था हेतु प्रेस्टीज परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया गया।