Magic of Mantras अनुष्ठान सफलतापूर्वक हुआ संपन्न

संस्थाएं

हैदराबाद

Magic of Mantras अनुष्ठान सफलतापूर्वक हुआ संपन्न

तेरापंथ युवक परिषद, हैदराबाद द्वारा आयोजित 'मंत्रों का जादू – अनुष्ठान : तांत्रिक समस्याओं का समाधान' कार्यक्रम तेरापंथ भवन, डी.वी. कॉलोनी में साध्वी डॉ. गवेषणाश्रीजी के सान्निध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को जैन मंत्रों की महिमा तथा तांत्रिक समस्याओं और उनके समाधानों से परिचित कराना था।निर्धारित समयानुसार अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ हुआ, जहाँ नीली रोशनी से निर्मित पिरामिड के भीतर विशेष बैठने की व्यवस्था की गई थी, जिसने एक अद्वितीय आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया। साध्वी मेरुप्रभा जी ने सुमधुर गीत का संगान कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। साध्वी मयंकप्रभा जी ने अनुष्ठान से संबंधित मुख्य जानकारियाँ साझा कीं, जिससे श्रद्धालुओं को प्रक्रिया को समझने में सहायता मिली।
साध्वी डॉ. गवेषणाश्री जी ने जैन मंत्रों की महत्ता बताते हुए कहा कि जैन मंत्र अत्यंत प्रभावशाली होते हैं। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इन मंत्रों की साधना व्यक्ति को आध्यात्मिक रूप से विकसित करने के उद्देश्य से की जानी चाहिए, क्योंकि मंत्रों का प्रभाव शारीरिक, मानसिक, भौतिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर सकारात्मक पड़ता है। साध्वीश्री ने यह भी बताया कि मंत्र अनुष्ठान से जादू-टोना, बुरी नज़र आदि दुष्प्रभावों से भी समाधान प्राप्त होते हैं। उन्होंने तेयुप हैदराबाद के कार्यकर्ताओं के श्रम की अनुमोदना करते हुए समाज को प्रेरणा दी कि हम केवल कमियाँ निकालने का दृष्टिकोण न अपनाएं, बल्कि कार्यकर्ताओं के अच्छे कार्यों की सराहना भी करें। उन्होंने तेयुप हैदराबाद की टीम का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन आदेश पिरोदिया ने कुशलतापूर्वक किया। संयोजक शुभम बम्बोली एवं आदेश पिरोदिया पिछले कई दिनों से इस कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए थे। कार्यक्रम की शुरुआत में परिषद् की ओर से मंत्री अनिल दूगड़ ने सभी उपस्थितजनों का हार्दिक स्वागत किया। सहमंत्री जिनेंद्र सेठिया ने आयोजन से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। अंत में, संगठन मंत्री जिनेंद्र बैद ने साध्वीश्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं के श्रम की अनुमोदना की तथा सभी पधारे हुए श्रद्धालुओं का आभार ज्ञापन किया। अरिहंत गुजरानी, चेतन मरलेचा, आलोक नाहटा आदि अनेक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की सफलता में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।