प्रेक्षाध्यान कार्यशाला का आयोजन

संस्थाएं

जयपुर।

प्रेक्षाध्यान कार्यशाला का आयोजन

अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल व प्रेक्षा प्रवाह द्वारा निर्देशित प्रेक्षा ध्यान कार्यशाला (नींद को अपनी ताकत बनाएं) तेरापंथ महिला मंडल जयपुर शहर द्वारा ‘शासन गौरव’ बहुश्रुत परिषद सदस्य साध्वी कनकश्री जी के सान्निध्य में अणुविभा केंद्र में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र के साथ किया गया। मंडल की बहनों ने मंगलाचरण की प्रस्तुति दी। महिला मंडल जयपुर शहर की अध्यक्ष कौशल्या जैन ने सभी का स्वागत कर विषय की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रेक्षा ध्यान के विशेष प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित प्रेक्षा प्रशिक्षिका रीना गोयल ने बताया आजकल नींद एक समस्या बन चुकी है अक्सर लोग कहते हैं रात को 12:00 बजे तक नींद नहीं आती, इसके लिए उन्होंने आहार, योग, आसान की उपयोगिता पर प्रकाश डाला और बताया कि यदि हम आहार का ध्यान रखें, नियमित कुछ योगासन करते रहें तो निद्रा की परेशानी व शारीरिक तकलीफों से निजात पाई जा सकती है। उन्होंने बताया अगर सोने से पहले ताड़ासन का प्रयोग किया जाए तो नींद आसानी से आ जाती है।
साध्वी मधुलता जी ने प्राणायाम के साथ शरीर के सभी अंगों पर 'सव्वसाहूणम' के प्रयोग को निद्रा विजय के लिए उपयोगी बताया। साध्वी कनकश्री जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन की चार मौलिक प्रवृत्तियां खाना, सोना, भय और वासना मनुष्य और पशु सभी में होती है पर मनुष्य धर्म की आराधना के द्वारा विवेक पूर्वक इन प्रवृत्तियों पर कंट्रोल कर सकता है। उन्होंने बताया नींद का कारण दर्शनावरणीय कर्म है। मंत्री पायल जैन द्वारा सभी का आभार एवं साध्वीश्री के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की गई। सफल संचालन सुमन बोरड द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महिला मंडल की कार्यकारिणी सदस्य, पदाधिकारी एवं अच्छी संख्या में श्रावक, श्राविकाएं उपस्थित रहे।