संस्थाएं
सर्वधर्म सद्भाव सम्मेलन का आयोजन
श्याम नगर स्थित भिक्षु साधना केंद्र में अणुव्रत समिति, जयपुर द्वारा अणुव्रत सप्ताह के अंतर्गत मुनि तत्त्वरुचि जी 'तरुण' के सान्निध्य में सर्वधर्म सद्भाव सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिख धर्म से सरदार जसवीर सिंह (पूर्व अध्यक्ष, राजस्थान अल्पसंख्यक आयोग), आर्य समाज से टी. सी. राहुल (पूर्व जज, राजस्थान हाई कोर्ट), बौद्ध धर्म से रामावतार (जिला अध्यक्ष, बौद्ध संघ), ईसाई धर्म से फादर विजय पॉल (चर्च चैरिटी), इस्लाम धर्म से शाकिब उस्मानी (चीफ काज़ी परिवार) एवं बौद्ध संघ से प्रज्ञामित्र बौद्धाचार्य (प्रदेश अध्यक्ष, बौद्ध संघ, राजस्थान) सहित अनेक विशिष्ट जन उपस्थित थे।
इस अवसर पर सभी धर्मावलंबियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए एकता, भाईचारा और मानवता के संदेश पर विशेष बल दिया। मुनि तत्त्वरुचि जी 'तरुण' ने कहा— 'हम सबका एक ही धर्म है — मानव धर्म। हम सबकी एक ही जाति है — मनुष्य जाति। अणुव्रत मानव धर्म है, जिसका मुख्य ध्येय समाज में शांति, सद्भावना और नैतिकता की स्थापना करना है।' उन्होंने सुमधुर गीत 'इंसान हम बनेंगे, संकल्प एक ही हो' के माध्यम से समाज को एकता और सद्भावना का संदेश दिया।
अणुव्रत समिति, जयपुर के अध्यक्ष विनोद कुमार बैद ने अणुव्रत आचार संहिता की शपथ दिलाते हुए सबको अणुव्रत के पथ पर चलने की प्रेरणा दी तथा समागत अतिथियों को दुपट्टा ओढ़ाकर एवं साहित्य भेंट कर सम्मानित किया। शुभारंभ अणुव्रत समिति के पूर्व अध्यक्ष विमल गोलछा के स्वागत भाषण से हुआ। संजय बेदऔर मंत्री जयश्री सिद्धा ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया। तेरापंथ महिला मंडल (सी-स्कीम) की अध्यक्षा कनक आंचलिया, महिला मंडल (शहर) अध्यक्षा कौशल्या जैन आदि बहनों ने अणुव्रत गीत का संगान किया।