संस्थाएं
आचार्य श्री तुलसी के 112वें जन्म दिवस पर विविध आयोजन
आचार्य श्री तुलसी का 112 वां जन्मदिवस तेरापंथ भवन,शास्त्री नगर, दिल्ली में उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह को संबोधित करते हुए शासन श्री साध्वी श्री सुवर्ता जी ने कहा तुलसी एक ऐसे युगपुरुष थे जिनके जीवन दर्शन ने पूरी की पूरी सदी को आलोकित किया। वो एक ऐसा संत था जिसने अपने चरणो से धरती और चिंतन से गगन को मापा। वो एक ऐसा प्रकाश पुंज था जो नवें दशक के सोपान पर आरोहण करने की गति प्रकाश और ऊर्जा से भरा रहा। आपकी जन्मकुंडली में 3 चीजों का योग था 1. संघर्ष 2. भाग्य और 3. सहयोग। आप जहां भी जाते संघर्ष आपके साथ साथ चलता था। कलकत्ता, रायपुर और चुरु के संघर्षों ने तो श्रावकों के दिलों को हिला कर रख दिया था, पर आपका साहस अटल और अचल रहा। इन संघर्षों के द्वारा आपकी यशोकीर्ति दिग दिगंत में विश्रुत बन गई। आपने तेरापंथ धर्मसंघ की गरीमा विश्व क्षितिज तक पहुंचाई। आपने तेरापंथ धर्मसंघ को अनेकानेक अवदान प्रदान किए जैसे अणुव्रत, प्रेक्षाध्यान, जीवन विज्ञान, आगम संपादन, युवक परिषद्, महिला मंडल , ज्ञानशाला आदि। कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी कार्तिक प्रभा जी एवं साध्वी चिंतन प्रभा जी ने तुलसी अष्टकम से किया। शासन श्री साध्वी श्री सुमनप्रभा जी ने तुलसी चरणो में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा- उनका जीवन अनेकानेक विशेषताओं का संग्रहालय था, जिसको समग्रता से बताना अति कठिन है। साध्वी कार्तिक प्रभा जी ने भावपूर्ण शब्दों से गुरुदेव श्री तुलसी की अभ्यर्थना की। साध्वी चिंतन प्रभा जी ने मधुर स्वरलहरी से आस्था की अभिव्यक्ति की। मध्य दिल्ली महिला मंडल द्वारा गीतिका, अणुव्रत समिति से सुशील बैंगानी एवं अशोक सेठिया द्वारा गुरुदेव के अवदानों पर गीतिका प्रस्तुत की। त्रिनगर सभा के मंत्री मनोज बेगवानी आदि सदस्यों ने सुमधुर गीतिका प्रस्तुत कर कार्यक्रम को तुलसीमय बना दिया। इस अवसर पर शास्त्री नगर सभा के अध्यक्ष राजा कोठारी, मध्य दिल्ली महिला मंडल की अध्यक्षा कनक चोपड़ा, पीतम पुरा सभा से राकेश जैन, अणुव्रत समिति के पूर्वाध्यक्ष अशोक संचेती, अणुव्रत समिति के सहमंत्री प्रवीण जैन, महिला मंडल से प्रियंका गोलछा, दिल्ली सभा की मंत्री एवं महिला मंडल पूर्वाध्यक्षा मंजू जैन आदि ने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित कर गुरुदेव श्री तुलसी को स्मरण किया। राजेंद्र नगर से सुरेश जैन एवं महिला मंडल मध्य दिल्ली की शारदा सेठिया ने भी अपनी सुमधुर गीतिका प्रस्तुत की। कार्यक्रम का कुशल संचालन सभा के मंत्री प्रवीण गोलछा ने किया।