संस्थाएं
भगवान पार्श्वनाथ जन्म कल्याणक दिवस समारोह का आयोजन
युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि जिनेश कुमार जी ठाणा-3 के सान्निध्य में भगवान पार्श्वनाथ जन्म कल्याणक दिवस समारोह एवं अनुष्ठान का आयोजन साउथ कलकत्ता श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा द्वारा तेरापंथ भवन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि जिनेश कुमार जी ने कहा - भगवान पार्श्व भारतीय संस्कृति के उज्ज्वल नक्षत्र थे। वे अप्रतिम ज्ञान के धारक थे। वे करुणा व समता के सागर थे। उन्होंने समाज में फैले हुए अंधविश्वास एवं अज्ञान पर जबरदस्त प्रहार कर तत्कालीन जन समूह को सही राह दिखाई उन्होंने चातुर्याम धर्म का प्रवर्तन किया। उन्होंने विभिन्न देशों में भ्रमण कर सत्य धर्म का प्रकाश फैलाया। मुनि कुणाल कुमार जी ने सुमधुर गीत का संगान किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ तेरापंथ महिला मंडल साउथ कलकता के मंगलाचरण से हुआ। स्वागत भाषण साउथ सभा के अध्यक्ष विनोद चोरड़िया ने दिया। कार्यक्रम का संचालन मुनि परमानंद ने किया । कार्यक्रम से पूर्व उपसर्गहर स्तोत्र व पार्श्व मंत्रों का जप अनुष्ठान किया गया। इसी दिन 'ॐ ह्रीं श्रीं पार्श्वनाथाय नमः' मंत्र का तेरह घंटे दम्पति जप भी आयोजित किया गया। अनेक भाई-बहिनों ने उपवास, बेला, तेला तप का प्रत्याख्यान भी किया।