चातुर्मासिक मंगल प्रवेश के आयोजन

गुरुवाणी/ केन्द्र

चातुर्मासिक मंगल प्रवेश के आयोजन

कांदिवली, मुंबई
साध्वी निर्वाणश्री जी, साध्वी डॉ0 योगक्षेमप्रभाजी, साध्वी लावण्यप्रभाजी, साध्वी कुंदनयशा जी, साध्वी मुदितप्रभाजी एवं साध्वी मधुरप्रभाजी का चातुर्मासिक प्रवेश तुलसी महाप्रज्ञ फाउंडेशन कांदिवली में हुआ। इस अवसर पर पर्यावरण विशुद्धि रैली भी निकाली गई। रैली में फाउंडेशन के अध्यक्ष विनोद बोहरा, मंत्री मनीष कोठारी, कोषाध्यक्ष संजय बड़ोला सहित सभा-संस्थाओं के पदाधिकारीगण एवं सदस्यों की उपस्थिति रही।
मालाड़ सभाध्यक्ष इंदरमल कच्छारा तथा तेरापंथी सभा कांदिवली के अध्यक्ष पारसमल दुगड़ ने साध्वीवृंद का स्वागत किया। महिला मंडल एवं कन्या मंडल द्वारा स्वागत गीतिका प्रस्तुत की गई। साध्वी निर्वाणश्री जी ने कहा कि हम बांद्रा से दहिसर तक के क्षेत्र की सार-संभाल का लक्ष्य लेकर चतुर्मास हेतु उपस्थित हुए। हमें तप, जप, ज्ञान की आराधना करनी है। आपने हमारा स्वागत गीतों और भावों से किया, हम चाहते हैं कि आपको हम अध्यात्म प्रदान कर सकें। यह चातुर्मास का समय पूर्व तैयारी का समय है, हमें आत्म चित्त हो जाना है। साध्वी योगक्षेमप्रभाजी ने कहा कि आज का दिन नई शुरुआत का दिन है। यह प्रवेश ज्ञान, श्रद्धा एवं जप, तप के माध्यम से अपनी आत्मा को पवित्र करने की शुरुआत का दिन है। साध्वी लावण्यप्रभाजी, साध्वी कुंदनयशाजी, साध्वी मुदितप्रभाजी, साध्वी मधुरप्रभाजी चारों साध्वियों ने गद्य पद्यात्मक प्रस्तुति से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में तेरापंथी सभा, कांदिवली-मालाड का शपथ ग्रहण हुआ। शपथ ग्रहण चतुर्मास व्यवस्था समिति के अध्यक्ष मदनलाल तातेड़ ने करवाया। इससे पहले उन्होंने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन करवाया। पहले अध्यक्षों एवं उसके बाद बाकी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन गजेंद्र बाफना ने किया। तेरापंथी सभा, कांदिवली के मंत्री अशोक हिरण ने आभार व्यक्त किया।