
नववर्ष के महामंत्रोच्चार में उमड़ा जन सैलाब
कांदिवली।
नववर्ष का अपना विशेष मूल्य है। व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ और प्रसन्न बनाए रखने के लिए अपने आपको संकल्पों से भावित करे, ऐसी अपेक्षा है। अपेक्षित है किशोर और युवा पीढ़ी स्वयं को अधिक स्वस्थ एवं कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए डिजिटल फास्टिंग का आंशिक प्रयोग अवश्य करें। यह उद्गार साध्वी निर्वाणश्री जी ने व्यक्त किए। साध्वी योगक्षेमप्रभा जी ने विश्व शांति एवं आंतरिक ऊर्जा के जागरण हेतु सबसे विशेष आह्वान किया। उन्होंने आत्मरक्षा, मंगलभावना आदि के प्रयोग भी करवाए।
श्री तुलसी महाप्रज्ञ फाउंडेशन के अध्यक्ष विनोद बोहरा ने सबको नववर्ष की शुभकामनाएँ दी। साध्वी निर्वाणश्री जी एवं साध्वी योगक्षेमप्रभा जी ने भगवान महावीर के अंतिम चातुर्मास की विशेष रूप से अवगति दी। साध्वीवृंद ने गीत का संगान किया। हिंदी, संस्कृत, प्राकृत आदि विविध भाषाओं में भगवान महावीर एवं गणधर गौतम से संबंधित प्रस्तुत गीतों का संगान किया गया।