द पावर आॅफ रेसोल्यूशन

संस्थाएं

द पावर आॅफ रेसोल्यूशन

आमेट
शासनश्री मुनि रविंद्र कुमार जी एवं मुनि अतुल कुमार जी के सान्निध्य एवं तेरापंथ महिला मंडल के तत्त्वावधान में द पावर आॅफ रेसोल्यूशन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुनि अतुल कुमार जी ने कहा कि हर कोई स्वयं का नया भविष्य गढ़ सकता है। संकल्प हमारी बहुत बड़ी शक्ति है और इसके द्वारा बहुत बड़ा परिवर्तन हो सकता है। शास्त्रों में तीन प्रकार की शक्तियों का उल्लेख किया जाता हैµइच्छा शक्ति, संकल्प शक्ति और एकाग्रता की शक्ति। ये तीन शक्तियाँ कम या ज्यादा मात्रा में हर व्यक्ति के पास होती हैं। कोई भी इन तीन शक्तियों से हीन नहीं है, लेकिन सवाल इन्हें जागृत करने का है। संकल्प शक्ति जिसने जगा ली, अजेय बन सकता है।
दृढ़ संकल्प मनुष्य को किसी भी बड़े व्यापार में सफलता दिला सकता है। उसकी मुश्किलों का सामना कर सकता है। दृढ़ संकल्प एक विद्यार्थी को उसकी पढ़ाई में और भी बेहतर करने लायक बना सकता है। दृढ़ संकल्प विद्यार्थी को उच्च पदों पर पहुँचने में मदद कर सकता है। दृढ़ संकल्प मनुष्य के सपने साकार करने में सबसे ज्यादा मदद करता है।
आपका संघर्ष का समय अपनी जड़ें मजबूत करने का समय है। आप इस समय को व्यर्थ नहीं समझें एवं निराश ना हों। जैसे ही आपकी जड़ें मजबूत, परिपक्व हो जाएँगी, आपकी सारी समस्याओं का निदान हो जाएगा। आप खूब फलेंगे-फूलेंगे, सफल होंगे और आकाश की ऊँचाइयों को छूएँगे। जीवन के किसी भी क्षेत्र और अवस्था में यदि असफलता हाथ लगती है तो उसका कारण केवल मेहनत की कमी नहीं होता। मेहनत को प्रेरित करने वाला तत्त्व संकल्प शक्ति है। इतिहास साक्षी है कि कठिनाइयों का सामना अपने अदम्य साहस और अटूट विश्वास के बल पर किया जा सकता है। मुनि रविंद्र कुमार जी ने मंगलपाठ सुनाया। मंगलाचरण संगीता पामेचा, मनीषा छाजेड़, कोमल भंडारी ने संकल्प गीत से किया। महिला मंडल मंत्री संगीता पामेचा ने आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में काफी अच्छी संख्या में लोग उपस्थित थे।