लाइफस्टाइल विदाउट क्रुएल्टी कार्यशाला

संस्थाएं

लाइफस्टाइल विदाउट क्रुएल्टी कार्यशाला

कोयंबटूर।
स्थानीय तेममं ने लाइफस्टाइल विदाउट क्रुएल्टी कार्यशाला का आयोजन किया, जिसमें कुल 25 बहनों की सहभागिता रही। कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से बबीता गुनेचा ने की। महिला मंडल की बहनों ने गीतिका का संगान किया। रुचिका बैद ने पीटा वेबसाइट पर उपलब्ध सर्टिफाइड ब्रांच की जानकारी देते हुए मंडल की बहनों से अनुरोध किया कि वे जब भी कोई प्रोडक्ट खरीदें तो उसकी पूरी जाँच करें कि उससे कोई जीव हिंसा ना हुई हो और तब ही उसे लें। लाइफस्टाइल विदाउट क्रुएल्टी पर वीडियो दिखाया गया। बहनों ने जागरूकतापूर्वक इसकी प्रस्तुति दी। जानवरों की सुरक्षा में कार्यरत होप आॅर्गेनाइजेशन से पधारे देव और हरिहरन का स्वागत और सम्मान मंडल की अध्यक्षा मंजु गिड़िया ने किया। देव ने पीपीटी द्वारा जानवरों के बचाव हेतु किए गए कार्य के बारे में बताया। उन्होंने पेटक्लिनिक और रेस्क्यू सेंटर के बारे में जानकारी दी और बहनों से निवेदन किया कि वे कैसे जानवरों की सुरक्षा कर सकते हैं, तत्पश्चात हमारी मंडल की बहन तत्त्वप्रचेता हेमा भंसाली ने इस विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया। उनहोंने हिंसा और अहिंसा के बीच का फर्क समझाया और बताया कि आध्यात्मिक दृष्टिकोण में कैसे हम हिंसा करने से बच सकते हैं। इसी कड़ी में महिला मंडल से कोमल फलोदिया एवं कन्या मंडल संयोजिका ख्याति सेमलानी एवं रिद्धि पुगलिया ने मंचीय नाटक की प्रस्तुति दी। ममता पुगलिया ने बहनों से संकल्प पत्र भरवाए और लाइफस्टाइल विदाउट क्रुएल्टी की डीपी लगवाई। कार्यक्रम का संयोजन एवं धन्यवाद ज्ञापन रुचिका बैद ने किया।