
सकारात्मक सोच से कठिन परिस्थितियाँ भी होती आसान
चंडीगढ़।
सकारात्मक सोच से ही मनुष्य यह निर्धारित कर सकता है कि भविष्य में वह कैसा व्यक्ति बनता है। जैसी हमारी सोच होती है हम आगे चलकर वैसे ही बनते हैं, जिस तरह से हमारे विचार होंगे उसी तरह से हम होंगे। अब यह हमको सोचना है कि सकारात्मक विचार किस तरह हमारे जीवन को सफल बना देता है। सकारात्मक सोच की शक्ति बहुत बड़ी ताकत होती है। हम जिस विचार से अपने मन को मजबूती देते हैं, उसी मजबूती से हम कार्य कर सकते हैं। यह विचार मनीषी संत मुनि विनय कुमार जी ‘आलोक’ ने अणुव्रत भवन के तुलसी सभागार में व्यक्त किए। मुनिश्री ने कहा कि विचारों की ताकत से आप जीवन में सब कुछ कर सकते हैं, चाहे वो कितना भी बड़ा काम क्यों न हो। सकारात्मक सोच की ताकत से आप किसी भी नकारात्मक विचार वाले व्यक्ति को सुधार सकते हैं। यह आपको किसी भी कार्य को पूरा करने के लिए आपको हमेशा प्रोत्साहित करती रहती है। सकारात्मक विचार ही आज के समय में सफल व्यक्ति की पहचान है।