भगवान महावीर जन्म कल्याणक के विविध आयोजन

संस्थाएं

भगवान महावीर जन्म कल्याणक के विविध आयोजन

रोहिणी, दिल्ली
भगवान महावीर जन्म जयंती के अवसर पर साध्वी कुंदनरेखा जी के सान्निध्य में तेरापंथी सभा, रोहिणी के तत्त्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रोहिणी क्षेत्र के विधायक महेंद्र गोयल, अग्र भागवत प्रणेता श्री रामगोपाल बेदिल, तेरापंथी सभा, दिल्ली के अध्यक्ष सुखराज सेठिया, दिल्ली सभा के उपाध्यक्ष नत्थूराम जैन, मंत्री संजीव जैन, रोहिणी सभा के अध्यक्ष विजय जैन आदि गणमान्य जन उपस्थित थे। विधायक महेंद्र गोयल ने कहा कि भगवान महावीर की जन्म जयंती हम सबके लिए वरदान बने, अपेक्षा है। मुख्य वक्ता रामगोपाल बेदिल ने कहा कि भगवान महावीर के सकारात्मक अवदानों में वह बल है कि जीवन की दशा और दिशा तो बदलती ही है।
तेरापंथ सभा, दिल्ली के अध्यक्ष सुखराज सेठिया ने कहा कि महावीर का जीवन दर्शन जैन धर्म का प्राणतत्त्व है। तेरापंथी सभा, दिल्ली उपाध्यक्ष नत्थूराम जैन ने कहा कि आज देश विषम दौर से गुजर रहा है। चारों तरफ विषमताओं के काले बादल मंडरा रहे हैं। ऐसे वातावरण को समरसता प्रदान करने वाले महावीर द्वारा प्रदत्त अवदान हमाने लिए संबल हैं। तेरापंथी सभा अध्यक्ष विजय जैन ने अपना वक्तव्य दिया।  साध्वी कुंदनरेखा जी ने कहा कि महावीर का जन्म उन्नत विचारों का जन्म है। सद्संस्कारों का जन्म है। नई आशा का जन्म है। महावीर जैन धर्म के चौबीसवें तीर्थंकर हैं, जिन्होंने अपने आत्मबल एवं भीतर छिपी शक्तियों से स्वयं का मार्ग स्वयं प्रशस्त किया। साध्वी सौभाग्ययशा जी ने कहा कि महावीर की करुणा ने दास प्रथा का अंत किया। जाति-पांति-रंग-लिंग के आधार पर कोई मनुष्य छोटा या बड़ा नहीं हो सकता, बल्कि अपने आचरण से मनुष्य महान बन सकता है।
साध्वी कल्याणयशा जी ने कहा कि महावीर की अहिंसा ने प्राणीमात्र में चेतना की स्वीकृति देकर, हर प्राणी को जीने का अधिकार है। यह सांसारिक विषमता केवल अपने द्वारा कृत धर्मों की है। साध्वी कर्तव्ययशा जी ने अपने विचारों को सुमधुर गीतिका के द्वारा प्रस्तुति दी। भिक्षु भजन, मंडल, रोहिणी युवती बहनों द्वारा सामूहिक गीतों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर विधायक रिठाला महेंद्र गोयल ने रोहिणी सेक्टर-5 की मैंन सड़क को ‘आचार्य महाश्रमण मार्ग’ की उद्घोषणा की तथा तेरापंथ भवन के सामने डीडीए के द्वारा निर्मित उद्यान को भी ‘आचार्य महाश्रमण उद्यान’ नामकरण करने की उद्घोषणा कर कार्यक्रम को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का प्रारंभ तेममं की बहनों द्वारा किया गया तथा संचालन पराग जैन, तेरापंथी सभा के कोषाध्यक्ष द्वारा किया गया। आभार व्यक्त किया सभा के उपाध्यक्ष उत्तम छाजेड़ ने। इस अवसर पर रोहिणी सभा द्वारा आगंतुक अतिथियों को मोमेंटो एवं पुस्तक भेंट की गई।