आध्यात्मिक मिलन समारोह का आयोजन

संस्थाएं

आध्यात्मिक मिलन समारोह का आयोजन

चेन्नई।
शासनश्री साध्वी शिवमाला जी एवं साध्वी लावण्यश्री जी का आध्यात्मिक मिलन वेस्ट माम्बलम में कुशलराज अशोककुमार बंबोली के निवास स्थान पर हुआ। तेरापंथ धर्मसंघ में चारित्रात्माओं के दो सिंघाड़ों के आपसी मिलन का दृश्य वात्सल्य, प्रेम एवं विनय-समर्पण से ओत-प्रोत अभूतपूर्व होता है। मिलन दृश्य को निहारने एवं उन अविस्मरणीय पलों के साक्षी बनने हेतु श्रावक-श्राविकाएँ दूर-दूर से पधारकर भाव-विभोर होकर धन्यता का अनुभव करते हैं। ऐसा परम सौभाग्य अनेकों महानुभावों को सहज संप्राप्त हुआ। साध्वी शिवमालाजी ने साध्वी लावण्यश्री जी की अगुवानी कर भक्ति की। साध्वी अमितरेखा जी, साध्वी अर्हमप्रभा जी एवं साध्वी रत्नप्रभा जी ने सामुहिक भक्ति गीत का संगान किया। प्रत्युत्तर में साध्वी सिद्धांतश्री जी एवं साध्वी दर्शितप्रभा जी ने भी भक्ति गीत का संगान किया। साध्वी लावण्यश्री जी ने भक्तिरत साध्वियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए अपने पुराने संस्मरणों को उद्घृत कर आपकी निष्काम सेवा भावना की प्रशंसा की। साध्वीश्री जी ने सभी चारित्रात्माओं के निरामय स्वस्थ स्वास्थ्य एवं आगामी निर्विघ्न विहार यात्रा की मंगलकामना की।
शासनश्री साध्वी शिवमालाजी ने साध्वी लावण्यश्री जी एवं सहवर्तिनी साध्वियों की विशेषताओं का गुणगान करते हुए कहा कि आज अनायास ही मिलन का कार्यक्रम हो गया। आपका संसारपक्षीय परिवार चेन्नई के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवासित है। आप काफी दिनों से विभिन्न उपनगरों में विहरण करती हुई धर्मसंघ की प्रभावना कर रही है। सहवर्तिनी साध्वियाँ भी विद्वत्ता में विकसित है। सभी साध्वियाँ अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहती हुई जन-जन में जागृति का महनीय कार्य करती रहें, यही मंगलकामना। मिलन समारोह में ट्रिप्लीकेन क्षेत्र से विजयकुमार गेलड़ा, राजेश लुंकड़, दीपक कात्रेला, राजेश बोहरा, महावीर संचेती ने अपनी सहभागिता दर्ज की। वेस्ट मांबलम, टी-नगर, कोडम्बाकम, वडपलनी, सैदापेट, मदुरावायल एवं आसपास के अनेक क्षेत्रों से अच्छी संख्या में श्रद्धालु भाई-बहनें संभागी बनीं।