वृहद मंगलपाठ एवं भगवान महावीर का निर्वाणोत्सव का आयोजन

संस्थाएं

वृहद मंगलपाठ एवं भगवान महावीर का निर्वाणोत्सव का आयोजन

सिवानी।
शासनश्री साध्वी कुंथुश्री जी के सान्निध्य में सभा के तत्त्वावधान में तेरापंथ भवन में दीपावली का वृहद मंगलपाठ एवं भगवान महावीर के निर्वाणोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासनश्री साध्वी कुंथुश्री जी ने कहा कि दीपावली रोशनी का त्योहार है। अंधकार से प्रकाश की ओर प्रस्थान करने का पर्व है। सांस्कृतिक चेतना का पर्व प्रतीक है दीपावली पर्व। यह पर्व इतिहास के अनेक प्रसंगों से जुड़ा हुआ है। वैदिक इतिहास में लंका विजय के अनंतर श्रीराम के अयोध्या आगमन पर घी के दीप जलाकर उत्सव मनाया गया। जैन मतानुसार आज के दिन महावीर का निर्वाण हुआ था। देवों ने रत्नों के द्वारा मनुष्यों ने दीपों के द्वारा अंधकार को दूर किया था। सारा आकाश प्रकाश से जगमगा उठा। उसी उपलक्ष्य में दिवाली मनाई जाती है।
हम भगवान महावीर के जप से अंतर्दृष्टि जागृत करें, ज्ञान के दीप जलाएँ। भगवान महावीर की स्तुति हर मोड़ पर रोशनी बन सही दिशा का मार्गदर्शन करती रहे। साध्वीवृंद ने सुमधुर गीत का संगान किया। शिवानी तेरापंथ भवन में शासनश्री साध्वी कुंथुश्री जी के हरियाणा के कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने दर्शन किए। साध्वीश्री जी ने कहा कि आचार्यश्री महाश्रमण जी ने नशा मुक्ति, नैतिकता, सद्भावना का संदेश दिया है। आप हरियाणा में लोगों को व्यसनमुक्त बनाने का प्रयास करें। साध्वीश्री जी से मंगलपाठ श्रवण कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पवन, अनिल, गोयल, नवीन मित्तल, अध्यक्ष रतनलाल जैन, उपासक श्यामसुंदर जैन, विजय जैन, सुभाष जैन आदि उपस्थित थे।