भगवान महावीर निर्वाण दिवस का आयोजन

संस्थाएं

भगवान महावीर निर्वाण दिवस का आयोजन

कानपुर
कानपुर जैन समाज और तेरापंथी सभा के संयुक्त तत्त्वावधान में भगवान महावीर निर्वाण दिवस साध्वी संगीतश्री जी के सान्निध्य में आयोजित हुआ। भगवान महावीर स्वामी का 2550वाँ निर्वाण दिवस महोत्सव अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दीपावली से प्रारंभ हो चुका है। वर्षभर चलने वाला यह महोत्सव ‘अहिंसा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। इसी क्रम में कानपुर महानगर में प्रथम कार्यक्रम का आयोजन हुआ। 
कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वीवृंद ने महावीर अष्टकम के संगान से किया। महिला मंडल ने मंगलाचरण की प्रस्तुति दी। तेयुप ने एक मधुर गीतिका का संगान किया। सभा अध्यक्ष धनराज सुराणा, महिला मंडल अध्यक्ष शालिनी बुच्चा, तेयुप अध्यक्ष दिलीप मालू, जैन समाज महामंत्री त्रिभुवन जैन, पंडित सुमित शास्त्री, प्रभा मालू, प्रियंका भूतोड़िया तथा अणुव्रत समिति अध्यक्ष टीकमचंद सेठिया ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण था ज्ञानशाला के बच्चों द्वारा एक अद्भुत लघु नाटिका की प्रस्तुति। ‘महावीर ब्यूटी पार्लर’ नामक नाटक से बच्चों ने भगवान महावीर के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए बताया कि सबसे महत्त्वपूर्ण आंतरिक सुंदरता होती है।
साध्वी संगीतश्री जी ने कहा कि भगवान महावीर के सत्य, अहिंसा, अनेकांत, अचैर्य और ब्रह्मचर्य के सिद्धांत को अमल करने से ही विश्व कल्याण संभव है। श्रावकों को छोटे-छोटे त्याग और नियम अपने जीवन में दिन-प्रतिदिन लेने चाहिए। साध्वीवृंद के चातुर्मास में सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के उपलक्ष्य में डाॅ0 सौरभ चावला को तेरापंथी सभा द्वारा सम्मानित किया गया। डाॅ0 साहब ने ज्ञानशाला के बच्चों को पुरस्कार वितरित किए। नगर के मुख्य अखबारों के पत्रकार इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। जैन श्वेतांबर, मूर्तिपूजक, स्थानकवासी तथा दिगंबर संप्रदाय के अनेक श्रावकों ने भी साध्वीवृंद के सान्निध्य का लाभ उठाया। कार्यक्रम का संचालन सभा मंत्री संदीप जम्मड़ ने किया।