किशोरों का फंक्शन - किशोर जंक्शन

संस्थाएं

किशोरों का फंक्शन - किशोर जंक्शन

सांताक्रुज।
तेरापंथ धर्मसंघ के ग्यारहवें अधिशास्ता मुंबई के नंदनवन में ऐतिहासिक चातुर्मास संपन्न कर मुंबई के विभिन्न उपनगरों को अपनी चरणरज से पावन करते हुए सांताक्रुज पधारे। आचार्यप्रवर के चार दिवसीय प्रवास के दौरान तेयुप के तत्त्वावधान में तेरापंथ किशोर मंडल द्वारा मुंबई स्तरीय किशोर मंडल के लिए ‘किशोरों का फंक्शन-किशोर जंक्शन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रेलवे थीम पर आधारित यह कार्यक्रम पाँच सत्र में विभाजित था। प्रथम सत्र-‘विसडम एक्सप्रेस’ का सफर करवाया गया जिसमें बहुश्रुत परिषद सदस्य मुनि दिनेश कुमार जी व अभातेयुप के आध्यात्मिक पर्यवेक्षक मुनि योगेश कुमार जी का वक्तव्य किशोरों में उत्साह भरने वाला था। मुनिश्री ने प्रज्ञा और ज्ञान की भेद रेखा को समझाते हुए हमारे संस्कारों को सुरक्षित रखने की प्रेरणा प्रदान की। तेरापंथ दर्शन की बहुत सरल व सहज भाषा में प्रेरणा पाकर किशोरों के संस्कार पुष्ट बनें।
द्वितीय सत्र- ‘क्यूरोसिटी सुपरफास्ट’ के माध्यम से किशोरों द्वारा बाल मुनि अर्हम कुमार जी व मुनि रत्नेश कुमार जी से अनेक रोचक व ज्ञानवर्धक जिज्ञासाएँ प्रश्नों के माध्यम से की गई, जिनके उत्तर पाकर किशोरों को आत्म संतुष्टि हुई, साथ ही साथ मुनि मेधावी कुमार जी से भी किशोरों का परिचय हुआ जो दीक्षा से पूर्व दिल्ली किशोर मंडल के संयोजक रहे हैं। तृतीय सत्र-‘मस्ती की पाठशाला’ जिसमें विभिन्न किशोर मंडल से आए किशोर साथियों को अलग-अलग आठ समूहों में विभाजित कर अनेक टास्क दिए गए। इसके माध्यम से किशोरों ने आपस में एक-दूसरे से परिचय कर उत्साह के साथ सभी टास्क को पूर्ण करने का प्रयास किया। सभी ने मनोरंजन के साथ अपने बुद्धि कौशल के द्वारा ज्ञान प्राप्ति का प्रयास किया।
चतुर्थ सत्र-सबसे ज्यादा ऊर्जा प्रदान करने वाला था क्योंकि सभी किशोरों के चरण पूज्य गुरुदेव के सान्निध्य में गतिमान हो रहे थे। पूज्यप्रवर की सेवा उपासना और प्रेरणा पाथेय पाकर किशोरों ने अपने भीतर नए उत्साह का अनुभव किया। पूज्य गुरुदेव ने नशामुक्त जीवन जीने की प्रेरणा के साथ-साथ नमस्कार महामंत्र का स्मरण करने, संस्कारों को सुरक्षित रखने की महत्त्वपूर्ण प्रेरणा प्रदान की। पंचम सत्र-अंतिम सत्र में सम्मान, विजेता टीम को पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम के विशेष आमंत्रित मोटिवेशनल स्पीकर शांतिलाल गोलछा का प्रभावी वक्तव्य रहा, जिससे सभी किशोर सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गए। पूरे कार्यक्रम में तेरापंथ किशोर मंडल सांताक्रुज के सदस्यों का श्रम परिलक्षित हो रहा था। अभातेयुप के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नरेश सोनी, सहमंत्री भूपेश कोठारी, सदस्य नीरज आच्छा, महेश परमार आदि की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में स्वागत भाषण तेरापंथ किशोर मंडल सांताक्रुज संयोजक गगन गेलड़ा ने व आभार सह-संयोजक अर्चित भालावत ने किया। मुनिश्री का परिचय तेरापंथ किशोर मंडल सदस्य शुभम परमार, शुभम गोखरू, प्रवर परमार, विदित धाकड़ आदि ने किया। कार्यक्रम में तेयुप सांताक्रुज से तेरापंथ किशोर मंडल प्रभारी अनिल चपलोत व दिलीप बाफना के साथ हर ईकाई का भरपूर सहयोग रहा, जिससे यह कार्य सफलतम बन सका। कार्यक्रम का संचालन रोहित चपलोत ने किया।