‘अनमोल जोड़ी सास-बहू की’ कार्यशाला का आयोजन

संस्थाएं

‘अनमोल जोड़ी सास-बहू की’ कार्यशाला का आयोजन

ग्रीन पार्क, दिल्ली।
साध्वी डॉ0 कुंदनरेखा जी के सान्निध्य में अभातेममं द्वारा निर्देशित, तेममं, साउथ दिल्ली द्वारा ‘अनमोल जोड़ी सास-बहू की’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें आठ सास-बहू के जोड़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत साध्वीश्री के नमस्कार महामंत्र से हुई। इसके बाद साध्वीश्रीजी ने दीर्घश्वास प्रेक्षा का पाँच मिनट का कार्यक्रम करवाया। कार्यक्रम की संयोजिका रेखा बैद व सभी उपसंयोजिकाओं के साथ सभी ने प्रेरणा गीत का संगान किया। मंत्री वर्षा बैंगानी ने सभी का हार्दिक स्वागत किया। इसके बाद सभी सास-बहू की जोड़ियों को आमंत्रित किया गया और उन्होंने लघु नाटिका, कविता, गीतिका ओद के रूप में सुंदर प्रस्तुति दी। एक रोचक गेम भी खेला गया, जिसने बहू को अपनी सास को दिए गए सामान से सजाना था। इसमें प्रथम स्थान पर रंजना-अक्षा छाजेड़, द्वितीय स्थान पर इंदिरा-पायल नाहटा रही।
साध्वीश्री जी ने भी सास-बहू के रिश्ते का महत्त्व समझाते हुए कहा कि सास-बहू का रिश्ता हमेशा था, है और रहेगा। परिवार में संतुलन बनाए रखने के लिए सबके प्रति सम्मान होना चाहिए। वाणी पर संयम रखना जरूरी है। प्रमोद की भावना जागृत हो जाए तो रिश्ते फलते-फूलते हैं। अध्यक्षा शिल्पा बैद ने आभार प्रकट किया और प्रतियोगी सास-बहू की प्रस्तुति की प्रशंसा की। उन्होंने पूरी टीम की गोष्ठी को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने की सराहना की। मंडल को बहनों से कुछ आह्वान किए और आने वाले समय में होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी गई।
पूर्वाध्यक्ष रजनी बाफना ने अपने विचार रखे। प्रोफेसर सुषमा ने इस विषय पर सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन रेखा बैद ने किया। कार्यक्रम की संयोजिका रेखा बैद व उपसंयोजिका सुषमा कोठारी, दिशा बाफना, सपना लालानी, गुंजन पुगलिया, नेहा सेठिया और दीपिका सेठिया ने इस गोष्ठी को सफल बनाने में सहयोग किया।