नारी है प्रेरणा एवं संस्कारों की दीपशिखा

संस्थाएं

नारी है प्रेरणा एवं संस्कारों की दीपशिखा

नोएडा।

साध्वीश्री अणिमाश्रीजी के सान्निध्य में नोएडा में बोथरा निवास स्थान पर तेरापंथ महिला मंडल नोएडा के तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी सशक्तिकरण के अन्तर्गत प्रेरणा सम्मान समारोह में राजनीति में सक्रिय बहिन डाॅ. आरती कोचर को प्रेरणा सम्मान से सम्मानित किया गया। साध्वी अणिमाश्रीजी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा दुनिया में शक्ति, सम्पदा एवं सुमति का अत्यधिक महत्व है। इन तीनों की अधिष्ठात्री देवियां नारी हैं, जिन्हें हम दुर्गा, लक्ष्मी एवं सरस्वती कहते हैं। हर महिला में दुर्गा, लक्ष्मी एवं सरस्वती विराजमान है। आज महिलाओं ने अपनी शक्ति का परचम लहराया है। गृहिणी आज रसोई घर से निकलकर धरती से आगे
बढ़कर अन्तरिक्ष में पहुंचकर अपने कामयाबी की कहानी कह रही है। विकास अच्छा है, प्रगतिपथ पर कदम बढ़ाना अच्छा है किन्तु संस्कारों के साथ होने वाला विकास शोभायमान होता है। महिला अपने धरातल को मजबूत रखे। स्वयं संस्कारवान बनकर अपने बच्चों को एवं परिवार में अपने जीवन से संस्कारों की तालीम दे। डाॅ. साध्वी सुधाप्रभाजी ने कहा- वही व्यक्ति समाज के लिए प्रेरणा बनता है, जो अपनी सोच को सकारात्मक एवं ऊंची रखता है। जो अपनी शक्ति का उपयोग सजृन में करता है। साध्वी समत्वयशाजी ने गीत की प्रस्तुति दी।
साध्वी मैत्री प्रभाजी ने मंच संचालन करते हुए कहा- महिला में वो शक्ति है, जिसकी बदौलत परिवार प्रगति के प्रांशु शिखरों पर आरूढ़ हो सकता है। महिला मंडल अध्यक्षा सुमन सिपानी, अ.भा.ते.म.मं. से मंजू भूतोड़िया, अर्चना भंडारी, महासभा संरक्षक बजरंगजी बोथरा, दिल्ली सभा उपाध्यक्ष लक्ष्मीपत बोथरा, तेयुप अध्यक्ष कनिष्क बैद, टीपीएफ अध्यक्ष प्रसन्न सुराणा, सभाध्यक्ष रणधीर बैद, विकास जैन ने अपने विचार रखे। डाॅ. आरती कोचर ने अपनी भावाभिव्यक्ति दी। मंगल संगान महिलामंडल की बहनों ने प्रस्तुत किया। महिलाओं पर एक सुन्दर नाटिका का मंचन बहनों द्वारा किया गया।