तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

संस्थाएं

तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

अभातेममं के निर्देशन और स्थानीय तेरापंथ महिला मंडल बीरगंज के तत्वावधान में समणी निर्देशिका डॉ. ज्योतिप्रज्ञा जी व समणी डॉ. मानसप्रज्ञा जी के सान्निध्य में आयोजित ‘महाश्रमणोस्तु मंगलम्’ कार्यशाला का आयोजन तेरापंथ भवन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समणी ज्योतिप्रज्ञा जी के द्वारा नमस्कार महामंत्र के संगान के साथ हुआ। कार्यसमिति की बहनों द्वारा प्रेरणा गीत से मंगलाचरण किया गया। अध्यक्ष बबीता खटेड़ व मंत्री कुसुम मनोत आदि द्वारा महाश्रमण अष्टकम् का संगान किया गया। समणी ज्योतिप्रज्ञा जी ने गुरुदेव की अष्टगणी सम्पदा का सुंदर विश्लेषण करते हुए बताया कि आचार्यश्री महाश्रमणजी आचार संपदा, श्रुत संपदा, शरीर संपदा, वचन संपदा, वाचना संपदा, मति संपदा, प्रयोग संपदा और संग्रह संपदा आदि आठ संपदाओं के धनी हैं। आचार्यश्री महाश्रमणजी में गुरुदेव श्री तुलसी की झलक मिलती है। आचार्यश्री महाश्रमणजी हमारे धर्म संघ में 11वें अनुशास्ता हैं जिन्हें मोबाइल के इस युग में लाखों गाथाएं कंठस्थ हैं। रात्रि में करवट बदलते वक्त भी अपनी सजगता का परिचय देते हैं। कार्यक्रम में 50 महिलाओं द्वारा 50 अंक की शृंखला बनाकर आचार्य प्रवर की स्तुति की गई। कार्यक्रम का संचालन मंत्री कुसुम मणोत तथा आभार ज्ञापन अध्यक्ष बबीता खटेड ने किया।