धागों से उकेरा आचार्यश्री का जीवन वृत्त

संस्थाएं

धागों से उकेरा आचार्यश्री का जीवन वृत्त

जालना। तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशम् अधिशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी के 50वें दीक्षा कल्याणक महोत्सव की संपन्नता के अवसर पर गुरु चरणों की अभ्यर्थना में आमेट से श्रीया हिंगड़ और आयुषी हिंगड़ दो बहनों ने आचार्य श्री महाश्रमण जी के जीवन वृत्त को धागों से 50 कलाकृतियों पर उकेरा। इन कलाकृतियों में आचार्य महाश्रमण जी के जीवन से संबंधित विभिन्न प्रसंगों को दर्शाया गया। इन्हें आचार्य महाश्रमण जीवन झांकी 'मेड विथ थ्रेड' प्रदर्शनी के रूप में बताया गया। आचार्य प्रवर, मुख्यमुनि प्रवर, साध्वीप्रमुखाश्री जी, साध्वीवर्या जी एवं अनेक चारित्रात्माओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और अनुकंपा बरसाई। गुरुदेव ने विशेष कृपा कर मंगलपाठ सुनाया। अभातेयुप राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश डागा और अभातेयुप राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पवन मांडोत ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। धागों से निर्मित प्रदर्शनी को अनूठा प्रयास बताते हुए दोनों बहनों को इस क्षेत्र में और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। जालना विधायक एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भी इस प्रदर्शनी को निहारा और आचार्यश्री महाश्रमणजी के जीवन वृत्त को प्रदर्शनी के माध्यम से जाना। सम्पूर्ण समाज ने भी इस प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। दोनों बहनों ने बताया कि उन्हें इस प्रदर्शनी की प्रेरणा मुनि हितेन्द्रकुमार जी से मिली। इस प्रदर्शनी में विभिन्न व्यक्तियों और तेरापंथ युवक परिषद, जालना का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।