आचार्यश्री महाश्रमण जी के जन्मोत्सव एवं पट्टोत्सव पर विविध आयोजन

संस्थाएं

आचार्यश्री महाश्रमण जी के जन्मोत्सव एवं पट्टोत्सव पर विविध आयोजन

तेरापंथ भवन में साध्वी डॉ. मंगलप्रज्ञा जी के सान्निध्य में महातपस्वी आचार्यश्री महाश्रमण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर साध्वीश्री ने कहा- विश्वकल्याण में अपने आपको नियोजित करने वाले आचार्यश्री तुलसी, आचार्यश्री महाप्रज्ञ और आचार्यश्री महाश्रमण जैसे विरले महापुरुष कोई-कोई होते हैं। व्यक्ति जन्म से महान नहीं बनता, अपने सत्कर्मों, विशिष्ट अवदानों से महान बनता है और भगवान की तरह जन-जन का पूज्य बन जाता है। आचार्यश्री महाश्रमणजी ने यात्राओं के माध्यम से जन-जन में अध्यात्म की शक्ति सम्प्रेषित की है, आज हर भक्त अनन्य भक्ति के साथ आपकी शरण पाकर गौरव की अनुभूति कर रहा है। महायायावर बनकर देश-विदेश में महावीर के प्रतिनिधि के रूप में अहिंसा की भावना का शंखनाद किया है। अनेक विघ्न बाधाएं आईं पर अटल हिमालय की तरह दृढ़ संकल्पी बनकर स्वयं कष्ट सहे और सहिष्णुता की प्रेरणा प्रदान की। हर व्यक्ति शांति के साथ जीवन जीए- यह आपका अमर संदेश है।
साध्वीश्री ने आगे कहा- आज गोरेगांव में हम सभी आचार्य प्रवर का 63वां जन्म दिवस मना रहे हैं। 6 और 3 मिलकर होने वाली 9 की संख्या अखण्ड है। महातपस्वी आचार्यश्री अखंड पुण्य पुरुष हैं। आपकी पावन शासना हमें दीर्घकाल तक मिलती रहे। तेरापंथ धर्मसंघ आपके नेतृत्व में विकासमयी साधना करता रहे। इस से पूर्व साध्वीवृंद के मंगलाचरण से कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। गोरेगांव के नव मनोनीत तेरापंथ सभा अध्यक्ष अशोक चौधरी, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष रमेश सिंघवी, तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्षा प्रतिमा सांखला ने अपने भाव सुमनों से पूज्य गुरुदेव की अभ्यर्थना की। अणुव्रत समिति संयोजक डिम्पल हिरन ने विचार व्यक्त किए। तेरापंथ महिला मंडल एवं तेरापंथ सभा गोरेगांव ने गीतों की अलग-अलग प्रस्तुति दी। तेरापंथ किशोर मण्डल एवं कन्या मण्डल ने नए अंदाज में महाश्रमण अभिवंदना की। 'जाने तारों सितारों के मन की बात, आज तक न्यूज चैनल के साथ’ नाटक के माध्यम से ज्ञानशाला के बच्चों ने गुरुदेव के प्रति शुभांजलि प्रस्तुत की। साध्वी सुदर्शनप्रभाजी, साध्वी राजुलप्रभाजी, साध्वी चैतन्यप्रभाजी, साध्वी शौर्यप्रभाजी ने अपनी श्रद्धा अभिव्यक्ति दी। साध्वी शौर्यप्रभाजी ने कहा- आज शुभ संयोग है कि मेरी संसार पक्षीय जन्मभूमि पर तेरापंथ सरताज आचार्य श्री महाश्रमण का जन्म दिवस मनाया जा रहा है। मैं प्रत्यक्षतः संयम प्रदाता की अभ्यर्थना न कर सकी, आज मैं सर्वात्मना, महायोगिराज के श्रीचरणों में श्रद्धाप्रणति करती हुई कामना करती हूँ कि आपश्री की तेजोमयी शासना में मेरे जीवन का सद्‌विकास होता रहे। कार्यक्रम का संचालन साध्वीराजुलप्रभा जी ने किया। इस अवसर पर तेरापंथ सभा गोरेगांव के नवमनोनीत अध्यक्ष अशोक चौधरी को तेरापंथ महासभा के सदस्य राजेन्द्र मुणोत एवं निवर्तमान अध्यक्ष चतरलाल सिंघवी ने अध्यक्ष पद की शपथ दिलवाई। नवमनोनीत अध्यक्ष ने अपनी टीम की घोषणा कर शपथ ग्रहण करवाई।