संवर्धन कार्यशाला का आयोजन

संस्थाएं

संवर्धन कार्यशाला का आयोजन

कांदिवली। संवर्धन कार्यशाला में संभागी उपासक परिवार को संबोधित करते हुए साध्वी डॉ. मंगलप्रज्ञा जी ने कहा- महावीर का दर्शन आचार और व्यवहार में अवतरित होना चाहिए। हम सभी प्रकाश की यात्रा करने वाले हैं। उपासक श्रेणी हमारे धर्म संघ की कल्याणकारी श्रेणी है। धर्म आराधना में यह श्रेणी परम उपयोगी बन रही है। निष्ठा, पूर्ण दायित्व एवं समर्पण भाव से यह श्रेणी अपने समय और शक्ति का संयोजन कर रही है। स्वाध्याय की दिशा में जितना विकास होगा, उतना नया ज्ञान प्राप्त किया जा सकेगा। ज्ञान के खजाने को बढ़ाने के लिए पुरुषार्थ की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में उपासिका बहनों ने मंगलाचरण किया। उपासक श्रेणी संयोजक हस्तीमल डांगी ने अपने विचार रखे। साध्वी राजुलप्रभाजी ने उच्चारण शुद्धिकरण, साध्वी सुदर्शनप्रभाजी ने ध्यान विधि पर विचार रखे। संचालन साध्वी चैतन्यप्रभा जी ने किया।