
जीवन दंपति कार्यशाला का हुआ आयोजन
तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (TPF) उत्तर कर्नाटक शाखा द्वारा तेरापंथ सभा भवन, बल्लारी में 'खुशहाल और सद्भावपूर्ण जीवन' विषय पर एक विशेष दंपत्ति कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला साध्वी सोमयशाजी आदि ठाणा 3 के सानिध्य में संपन्न हुई, जिसमें अनेक दंपतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत साध्वीश्री द्वारा नमस्कार महामंत्र के उच्चारण के साथ हुई, जिसके बाद तेरापंथ महिला मंडल की बहनों ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में TPF मंत्री अंकित खिवेंसरा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी, जबकि TPF सदस्या भारती छाजेड़ ने फोरम की गतिविधियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
साध्वी सोमयशाजी ने एक विशेष प्रयोग के माध्यम से यह दर्शाया कि माता-पिता, भाई-बहन या बच्चों का संबंध जीवन में कभी अलग हो सकता है, लेकिन पति-पत्नी का रिश्ता अटूट होता है। डॉ. साध्वी सरल यशाजी ने प्रश्नोत्तर शैली में समझाया कि विश्वास, समन्वय, सौहार्द और सहनशीलता अपनाकर दांपत्य जीवन को अधिक खुशहाल बनाया जा सकता है। निधि छाजेड़ द्वारा एक रोचक प्रायोगिक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें पति-पत्नी ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आपसी समझ और सामंजस्य को मजबूत किया। कार्यक्रम में तेरापंथ सभा बल्लारी के अध्यक्ष हरीश खिवेंसरा, महिला मंडल अध्यक्ष प्रवीणा लूणावत, युवक परिषद उपाध्यक्ष दिलीप गोठी, महासभा उत्तर कर्नाटक आंचलिक प्रभारी कमल छाजेड़, अणुव्रत समिति अध्यक्ष पारसमल खिवेंसरा, लातूर से पधारे TPF अध्यक्ष किशोर गटागट सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का सफल संयोजन महिला मंडल अध्यक्ष प्रवीणा लूणावत ने किया, जबकि समापन पर आभार ज्ञापन कार्यकारिणी सदस्य संदीप तातेड़ द्वारा किया गया।