
आध्यात्मिक उत्कर्ष की शुभ पहल
सूरत। तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम, सूरत ने सामायिक के माध्यम से आध्यात्मिक उत्कर्ष की एक शुभ पहल की। यह कार्यक्रम 'शासनश्री' साध्वी मधुबाला जी ठाणा-5 के सान्निध्य में तेरापंथ भवन, सिटी लाइट में आयोजित किया गया। साध्वी मंजुलयशा जी ने कर्म और जीवन चक्र के बीच गहरे संबंध को स्पष्ट करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। विषय को बेहतर ढंग से समझाने के लिए 'साइकिल ऑफ कर्म' पर मुमुक्षु अंजली सिंघवी द्वारा तैयार किया गया एक डिजिटल प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में कुल 30 सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें सूरत अध्यक्ष सुमन सुखानी, निवर्तमान अध्यक्ष कैलाश झाबक, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य मनोज बरमेचा और अन्य टीपीएफ सदस्य शामिल थे। सभी ने सामायिक के माध्यम से अपनी आध्यात्मिक यात्रा का शुभारंभ किया और सच्ची शांति व आंतरिक पूर्णता के अर्थ को आत्मसात किया।
कार्यक्रम के अंत में यह निर्णय लिया गया कि इस प्रकार के सत्र प्रत्येक माह दो बार आयोजित किए जाएंगे। इस सफल आयोजन का संयोजन प्रियंका बुलिया और पिंकेश गादिया ने किया।