
दंपत्ति मंत्र आराधना अनुष्ठान का आयोजन
श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, गदग द्वारा डॉ. मुनि पुलकित कुमारजी ठाणा 2 के सान्निध्य में दिव्य दंपत्ति मंत्र आराधना अनुष्ठान का आयोजन किया गया। श्री वर्धमान जैन स्थानक में 71 जोड़ों के साथ सकल जैन समाज के अनेक श्रावक-श्राविकाओं ने मंत्र आराधना अनुष्ठान का लाभ लिया। रवि योग के शुभ अवसर पर आयोजित मंत्र अनुष्ठान में डॉ. मुनि पुलकित कुमार जी ने अनेक अति प्राचीन जैन मंत्रों का महत्त्व बताते हुए संकल्प के साथ मंत्र उच्चारण करवाया। ‘नचिकेता’ मुनि आदित्य कुमार जी ने विभिन्न हाथों की मुद्राओं के प्रयोग करवाते हुए जैन मंत्रों का जाप कराया। मंत्र अनुष्ठान में सहभागी आराधकों को संबोधित करते हुए मुनि पुलकित कुमारजी ने कहा- मंत्र मन की प्रसन्नता बढ़ाने वाले होते हैं। शुभ योग, शुभ तिथि, शुभ वार और शुभ दिन में प्रारंभ किया गया मंत्र जाप विशेष फलदाई होता है।
कार्यक्रम के अंत में तेरापंथ सभा के अध्यक्ष सुरेश कोठारी ने उपस्थित सभी अनुष्ठान आराधकों का आभार व्यक्त किया। उत्तर कर्नाटक तेरापंथ सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष जयंतीलाल चोपड़ा ने विचार रखे। तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष अमित जैन, सभा मंत्री जितेंद्र जीरावला, महिला मंडल अध्यक्ष विजेता भंसाली एवं अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष श्रम रहा। स्थानकवासी समाज अध्यक्ष रूपचंद पालरेचा एवं मूर्तिपूजक समाज के पृथ्वीराज संकलेचा, राजू भाई सिंगर एवं जैन समाज के अनेक विशिष्ट जन उपस्थित थे। अनुष्ठान में गदग के अलावा बल्लारी, चित्रदुर्गा, हिरियुर आदि क्षेत्रों के श्रावक भी उपस्थित थे।