स्वागत एवं मंगलभावना समारोह आयोजित

संस्थाएं

स्वागत एवं मंगलभावना समारोह आयोजित

तेरापंथ धर्मसंघ की परम्परानुसार चाकरी प्रवास सम्पन्न करने पर मुनि रणजीत कुमारजी का मंगलभावना कार्यक्रम एवं मुनि विजय कुमार जी का स्वागत कार्यक्रम जैन विश्वभारती स्थित महाश्रमण विहार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुनि जय कुमारजी ने कहा कि विचरण करना मुनि प्रवृत्ति को निर्मलता प्रदान करता है। संत जहां जाते हैं वहां अपने विचारों से श्रावक समाज को अध्यात्म के मार्ग पर अग्रसर करने का प्रयास करते हैं। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को धर्म और अध्यात्म से जोड़ने के लिए निरन्तर विहार करते हैं। तेरापंथ धर्मसंघ में इसकी बहुत अच्छी व्यवस्था है। आगामी वर्ष में चाकरी प्रवास के लिए पधारे मुनि विजय कुमार ने कहा कि गणाधिपति आचार्य तुलसी की जन्म धरा होने के साथ तेरापंथ की राजधानी का गौरव भी लाडनूं को प्राप्त है। यहां चाकरी प्रवास करना प्रत्येक तेरापंथ धर्मसंघ के साधु-साध्वी की अभिलाषा होती है। हमें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इसके लिए हम आचार्य प्रवर के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हैं। मुनि रणजीत कुमारजी ने कहा कि उनका प्रवास बहुत ही सुखद रहा। जैन विश्वभारती के आध्यात्मिक वातावरण में रहना और वृद्ध संतों की सेवा का यह अवसर मिलना अविस्मरणीय रहेगा। मुनि कौशल कुमारजी, मुनि मुदित कुमारजी ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में महिला मंडल की बहनों द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर मुनि विजय कुमारजी सहित अन्य संतों का स्वागत किया गया। संयोजन राजेन्द्र खटेड़ ने किया।